पीपाड़ में रामनवमी के अवसर पर रविवार को ईशर गणगौर की शोभायात्रा निकाली गई। शाम करीब पांच बजे शहर के एक दर्जन से अधिक मोहल्लों से गंवर प्रतिमाएं डीजे और बैंडबाजों के साथ कोटगेट पहुंचीं। शोभायात्रा चोपाटा बाजार, दादाबाड़ी, लखारा बाजार, सदर बाजार होते हुए सापासर तालाब पहुंची। तालाब पर परंपरागत जलाभिषेक, विशेष पूजन और सामूहिक आरती की गई। इसके बाद प्रतिमाएं अपने निर्धारित स्थानों के लिए रवाना हुईं। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष समुदेवी सांखला, भाजपा अध्यक्ष आदित्य कच्छावाह और कांग्रेस मंडल अध्यक्ष बाबूलाल टाक सहित हजारों नागरिक शामिल हुए। पुलिस प्रशासन की ओर से थानाधिकारी श्यामराज सिंह के नेतृत्व में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। दोपहर बाद भोलावणी मेला भी भरा गया। मेले में अस्थायी दुकानों पर खिलौने और मिठाइयों की जमकर खरीदारी हुई। हिन्दू महासभा के अखाड़ेबाजों ने व्यायाम प्रदर्शन किया। गर्मी को देखते हुए शोभायात्रा मार्ग पर समाजसेवियों ने ठंडे पानी की व्यवस्था की। मेला रात नौ बजे संपन्न हुआ।


