भास्कर न्यूज | बाड़मेर अप्रैल माह में ही गर्मी रिकॉर्ड तोड़ने लगी है। बाड़मेर में रविवार को गर्मी ने पिछले 7 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। गर्मी और लू के कारण प्रदेश में सर्वाधिक बाड़मेर का पारा 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहली बार लू के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। अप्रैल में ही मई-जून जैसी गर्मी सताने लगी है। महज 7 दिन में सूरज ने ऐसे तेंवर दिखाए कि दिन का पारा 40 डिग्री से 46 डिग्री के करीब पहुंच गया। वहीं रात का पारा भी 21 से बढ़कर 29 डिग्री के करीब पहुंच गया। तापमान लगातार बढ़ रहा है। रविवार को भीषण गर्मी के कारण दिन में बाड़मेर की सड़कें सूनी रही। हाल ये थे कि दोपहर 2 बजे सड़कों पर सन्नाटा पसरा था, मानो कर्फ्यू लगा हो। वहीं गर्मी और लू के कारण ठंडे पेय पदार्थों का सेवन कर लोग बचाव करते नजर आए। शहर के गन्ना ज्यूस, कोल्ड ड्रिंक और अन्य ज्यूस कॉर्नर पर शाम के समय भी लोगों की भीड़ देखी गई। पहली बार इतनी भीषण गर्मी के कारण लोगों के पसीने छूटे। सूरज गर्मी के तीखे तेवर का असर अब रात में भी दिख रहा है। वर्ष 2017 के बाद अप्रैल महीने में बाड़मेर में सर्वाधिक पारा रविवार को दर्ज किया गया। 16 अप्रैल 2017 को अधिकतम पारा 45.8 डिग्री था, जबकि अब रविवार को अधिकतम पारा 45.6 डिग्री रहा। 2017 के बाद 7 साल में यह सर्वाधिक पारा है। अप्रैल के महीने में 2018 में 45.4, 2019 में 44.2, 2020 में 43.0, 2021 में 43.8, 2022 में 45.2, 2023 में 41.2, 2024 में 42.4 डिग्री तापमान रहा था। अभी तो अप्रैल का प्रथम सप्ताह ही चल रहा है कि गर्मी रिकार्ड तोड़ने लगे है। मौसम विभाग ने 10 अप्रैल तक गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है। ऐसे में 4 दिन तक लू और गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम ही है। 10 अप्रैल को बादल छाए रहने के साथ ही आंधी चलने से तापमान में गिरावट शुरू होगी। तारीख अधिकतम न्यून 2 अप्रैल 40.7 20.9 3 अप्रैल 42.4 21.7 4 अप्रैल 42.7 24.8 5 अप्रैल 42.7 25.0 6 अप्रैल 45.6 28.8 1 अप्रैल का बाड़मेर का अधिकतम पारा 40.2 और न्यूनतम 21.4 डिग्री था। इसके बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होनी शुरू हुई। महज 6 दिन में ही तापमान 45.6 डिग्री तक पहुंच गया। शनिवार कांे पारा 42.7 और न्यूनतम 25.0 डिग्री था। जबकि रविवार को एक ही दिन में दिन और रात का पारा 3 डिग्री तक बढ़ गया। रविवार को अधिकतम 45.6 और न्यूनतम 28.8 डिग्री दर्ज किया गया।


