भास्कर न्यूज | दुमका तीन अप्रैल को हंसडीहा के बढ़ैत गांव के पास सड़क किनारे मिले अज्ञात शव की पहचान हो गई है। मृतक 48 वर्षीय दिलीप राउत बिहार के छपरा जिले के मदौड़ा गांव का रहने वाला था। वह ट्रक मालिक और चालक था। उसकी कनपटी में सटाकर गोली मारी गई थी। रविवार को उसके बेटे आदित्य कुमार ने शव की पहचान की। वह पोस्टमार्टम हाउस से पिता का शव लेकर छपरा चला गया। दिलीप राउत समस्तीपुर से धान लोड कर वर्धमान की एक चावल मिल जा रहा था। हंसडीहा पहुंचने के बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला। घरवालों ने तलाश शुरू की। पुलिस भी शव की पहचान में जुटी थी। तीन दिन बाद पहचान हो सकी। घटना के बाद से ट्रक और खलासी दोनों गायब हैं। पुलिस को शक है कि लूट के इरादे से हत्या की गई। अपराधी ट्रक लेकर फरार हो गए। पुलिस टेक्निकल सेल की मदद से ट्रक और खलासी की तलाश कर रही है। हंसडीहा थाना प्रभारी प्रकाश सिंह ने बताया कि स्वजनों से तहरीर ली जा रही है। मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।अस्पताल सूत्रों के अनुसार, दिलीप राउत को काफी करीब से गोली मारी गई थी। डॉक्टर ने उसके शरीर से एक गोली बरामद की है।


