होशंगाबाद (नर्मदापुरम) विधानसभा में भाजपा मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर चल रही खींचतान आखिरकार शुक्रवार को आखिरी दो मंडलों की नियुक्ति के साथ खत्म हुई। नर्मदापुरम मंडल का अध्यक्ष रूपेश राजपूत को और नर्मदापुरम ग्रामीण मंडल अध्यक्ष गोकुल पटेल को बनाया गया है। दोनों ही संगठन के पदाधिकारी हैं। पांचों मंडलों की नियुक्ति के बाद तस्वीर साफ हुई। तीन मंडलों में कुर्सी समाज का वर्चस्व नजर आ रहा है। इधर मंडलों अध्यक्षों की नियुक्ति के साथ ही दावेदारों की नाराजगी भी सामने आने लगी है। भाजपा नेत्री वंदना दुबे ने सोशल मीडिया और नर्मदापुर मंडल के व्हाट्सएप ग्रुप पर पोस्ट कर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने राज्यसभा सदस्य और महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया पर आरोप लगाया, कहा कि कब तक कार्यकर्ता को आगे बढ़ने से रोकेंगी। आप महिला मोर्चा अध्यक्ष हैं या महिलाओं की दुश्मन। भाजपा के 18 मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति की लिस्ट एक सप्ताह पहले ही जारी हुई थी। नर्मदापुरम विधानसभा के पांचों मंडलों के अध्यक्षों की नियुक्ति नहीं हो पाई थी। तीन दिन पहले तीन मंडलों की नियुक्ति हुई। बाकी दो मंडल अध्यक्ष की नियुक्ति शुक्रवार को हुई। इटारसी नगर मंडल अध्यक्ष राहुल चौरे, पुरानी इटारसी मंडल अध्यक्ष मयंक मेहतो और नर्मदापुरम ग्रामीण मंडल अध्यक्ष गोकुल पटेल तीनों ही कुर्मी समाज से आते हैं। विधानसभा में कुर्मी समाज का वोट बैंक भी ज्यादा है। विधानसभा चुनाव 2023 के परिणाम पर भी इसका प्रभाव देखने को मिला था। हालांकि समाज से हटकर देखें तो मंडल राहुल चौरे और गोकुल पटेल दोनों संगठन के कार्यों में काफी सक्रिय हैं। राजपूत और कलार समाज को मौका
विधानसभा के पांच में से दो मंडल में राजपूत और कलार समाज को मौका दिया गया है। नर्मदापुरम नगर मंडल अध्यक्ष में सागर शिवहरे को दोबारा संगठन ने मौका दिया है। नर्मदापुरम मंडल में रूपेश राजपूत को अध्यक्ष बनाया गया है। सूत्रों के मुताबिक नर्मदापुरम मंडल से प्रदेश कार्यालय भेजी गई तीन नाम की पैनल में प्रशांत तिवारी, अजय रतनानी और रोहित गौर के नामों की जानकारी आ रहा है। हालांकि एनवक्त पर नया नाम रूपेश राजपूत का सामने आया है। वहीं ब्राह्मण बाहुल्य जिला व विधानसभा होने के बावजूद 24मंडलों में केवल दो मंडल में ब्राह्मण समाज से अध्यक्ष बनाए गया है। भाजपा नेत्री ने राज्यसभा सांसद पर लगाए आरोप
भाजपा नेत्री और नमामि देवी नर्मदे प्रकल्प की जिला संयोजक वंदना दुबे ने मंडल अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा आदरणीय सांसद महोदया आपको जब आपकी मेहनत लगती है और दूसरों की मेहनत का क्या? एक महिला होते हुए आप तीन से चार सालों से मुझे टॉर्चर कर रही हैं। मेरी मेहनत आपको दिखाई नहीं देती। आप मोर्चे की अध्यक्ष हैं या महिलाओं की दुश्मन। वंदना दुबे ने कहा कि मैं मंडल अध्यक्ष की दावेदारी में थी। विधायक और बूथ अध्यक्षों और संगठन ने भी पैनल में मुझे आगे रखा। बावजूद नारोलिया जी ने मेरे नाम पर आपत्ति की। पूर्व में भी संगठन में मेरे आगे बढ़ने के मौकों पर ये आपत्ति लेते रहती हैं। भाजपा नवागत मंडल अध्यक्ष का स्वागत हुआ
नवनियुक्त भाजपा मंडल अध्यक्ष रुपेश राजपूत का भोपाल चौराहे पर स्वागत किया गया। मंडल अध्यक्ष बनने पर बड़ी संख्या में युवाओं द्वारा स्वागत कर बधाई दी। इस अवसर पर मनीष परदेशी, विशाल दीवान, सुंदरम अग्रवाल, निखिल चौरे, अंकित सैनी, मुकेश राठौड़, अमित तिवारी, नंदू यादव, गौरव नायक, वीरू पटवा, जसवीर बावरा, स्वदेश सैनी, ऋषभ शुक्ला, अमन चुटीले, सुमित गौर, कमल राव चव्हाण आदि लोग उपस्थित रहे।


