आप खेती-किसानी से जुड़े किस विषय पर जानकारी चाहते हैं, वॉट्सएप नंबर पर सिर्फ मैसेज करें। भास्कर न्यूज |गिरिडीह गिरिडीह जिले में वृहद पैमाने पर लोग खेती से जुड़ कर अपना जीविकोपार्जन करते हैं। पर किसानों को अपनी उपज रखने के लिए कोल्ड स्टोरेज उपलब्ध नहीं होने के कारण अधिकतर सब्जियां खराब हो जाती है। जिसके कारण किसान को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। किसान मित्र राजेंद्र रजक ने कहा कि ग्रामीण इलाकों या शहरी क्षेत्र में रहने वाले अधिकतर किसानों के पास फ्रिज की सुविधा नहीं है। जिससे किसानों को अपनी उपज को सुरक्षित और ताजा रखने में काफी परेशानी होती है। खासकर गर्मी के मौसम में ये सब्जियां जल्दी खराब हो जाती हैं। ऐसे में हरी सब्जियों को हमेशा फैलाकर थोड़ी-थोड़ी दूरी पर रखें। इससे सब्जियां लंबे समय तक ताजा रहेंगी। इसके अलावा, टोकरी में सब्जियों को एक के ऊपर एक न रखें। खीरा, शिमला मिर्च, सहजन, बैंगन जैसी सब्जियों को अधिक दिनों तक ताजा रखने के लिए इन्हें गीले सूती कपड़े में लपेटकर रखें। कच्चे आलू को लंबे समय तक ताजा रखने के लिए लहसुन के साथ रखें। इससे आलू जल्दी खराब होने से बच जायेंगे। गाजर को अधिक समय तक ताजा रखने के लिए इसका ऊपरी भाग काट कर किसी एयर टाइट कन्टेनर में भर कर रख लीजिए। इससे गाजर कई दिनों तक ताजा रहेगा। सब्जियों को ताजा रखने के लिए उन्हें गैस या धूप के पास न रखें। गर्मी की वजह से सब्जी जल्दी खराब हो सकती है। ऐसे में सब्जियों को ठंडी जगहों पर या पंखे के नीचे रखें। टमाटरों को ताजा रखने के लिए उसे प्लास्टिक की थैली में रखें और उस थैली में छोटे-छोटे छेद कर दें। लहसुन, आलू और प्याज जैसी सब्जियों को अधिक समय तक ताजा रखने के लिए इन्हें ठंडी जगह पर रखें। लहसुन को लंबे समय तक ताजा रखने के लिए इसे जूट के थैले में लटका दें। इससे लहसुन लंबे समय तक ताजा रहता है। अदरक को लंबे समय तक ताजा रखने के लिए उसे मिट्टी या किसी गमले में दबा कर रखें और जरूरत पड़ने पर निकाल कर इस्तेमाल करें। दही को ताजा रखने के लिए इसमें दो या तीन चम्मच शहद मिला लें। इससे दही बिना फ्रिज के भी ताजा रहेगा।


