भास्कर न्यूज | अमृतसर एक तरफ जहां पुलिस युद्ध नशे विरुद्ध के खिलाफ अभियान चलाते हुए नशा तस्करों को काबू कर रही है, वहीं दूसरी तरफ सिटी में नशेड़ियों की ओर से नशे का टीका लगाने की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसी तरह एक महीने में तीसरी बार छेहर्टा बीआरटीएस ब्रिज पर नशे के टीके लगाते नशेड़ियों की वीडियो वायरल हुई। जिसमें समाजसेवक सरबजीत सिंह हैरी ने अपने मोबाइल से नशेड़ियों की वीडियो बनाई। जिसमें 4 से 5 लोग ब्रिज पर बैठकर नशे का टीका लगा रहे थे। वीडियो बनता देख नशेड़ियों ने हाथ जोड़ने शुरू कर दिए और वीडियो न बनाने की मांग करने लगे। जब हैरी ने कहा नशा कहां से लेकर आए हो तो उन्होंने वीडियो वायरल न करने की शर्त पर बताया कि वह बासरके भैणी से रोजाना 2 से ढाई सौ रुपए में नशा खरीदकर लाते हैं। इससे पहले 11 मार्च, 25 मार्च और अब 7 अप्रैल को 3 बार नशा करते नशेड़ियों की एक ही जगह से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाली, लेकिन कोई कारवाई नहीं हुई। एसीपी वेस्ट शिवदर्शन सिंह ने कहा कि 8 अप्रैल की रात बीआरटीएस ब्रिज पर पुलिस टीम के साथ पहुंचकर जांच की, लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला। ब्रिज पर वह लोग रहते हैं जिनके अपने घर नहीं हैं। उनके बिस्तर पड़े हुए थे।


