युवक को चाकू मारा, हॉस्पिटल भर्ती:गली में बार-बार काट रहा था चक्कर, टोका तो दो बार मारा चाकू

पाली में एक युवक बार-बार गली में चक्कर लगा रहा था। ऐसे में उस गली में रहने वाले एक युवक ने उसे रोक कर टोका। इससे युवक नाराज हो गया और उस पर चाकू से दो वार कर घायल कर मौके से फरार हो गया। घायल युवक का हॉस्पिटल में उपचार जारी है।
पाली शहर के बांगड़ हॉस्पिटल में भर्ती घायल 30 वर्षीय लहराराम पुत्र गमाराम ने बताया कि वह मुम्बई में काम करता है। करीब दो महीने पहले ही पाली जिले में स्थित अपने गांव पावा (तखतगढ़) आया था। सोमवार शाम करीब सात बजे एक युवक बार-बार उसकी गली में चक्कर काट रहा था। इस पर उसने युवक को रोक कर पूछ लिया कि बार-बार गली में चक्कर क्यों काट रहे हो। किसके यहां जाना है। इस पर युवक नाराज हो गया और अचानक जेब में रखे चाकू से उसकी पीठ और फिर सीने पर वार कर दिया। उसके चिल्लाने पर मोहल्लेवासी एकत्रित हुए तो आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। उसे उपचार के लिए तुरंत तखतगढ़ लाया गया जहां से उसे पाली रेफर किया गया। जहां उसका उपचार जारी है। घटना को लेकर पुलिस ने भी घायल के बयान लेकर कार्रवाई शुरू की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *