रांची | सोशल मीडिया पर सिटी एसपी राजकुमार मेहता का एडिटेड वीडियो वायरल कर ठगी करने का मामला सामने आया है। इस मामले में लालपुर टीओपी प्रभारी सत्यप्रकाश उपाध्याय ने लालपुर थाना में एक फेसबुक आईडी और मोबाइल नंबर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि इस फेसबुक आईडी और मोबाइल नंबर के जरिए एसपी का वीडियो एडिट कर लोगों से पैसे वसूलने की कोशिश की जा रही है। प्राथमिकी में बताया गया है कि सिटी एसपी राजकुमार मेहता की छवि का गलत इस्तेमाल किया गया। एक वीडियो हर्षा साई हेल्पिंग नाम की सोशल मीडिया आईडी से पोस्ट किया गया। इस वीडियो को 8 अप्रैल की सुबह 7 बजे मोरहाबादी टीओपी प्रभारी सत्यप्रकाश उपाध्याय ने देखा। वीडियो में एसपी राजकुमार मेहता की आवाज को एडिट कर लोगों से कह रहे हैं कि जिन गरीबों को अब तक मदद नहीं मिली है, वे मदद ले सकते हैं।


