निगम जोन-ए ऑफिस में जताया रोष, भाजपा पार्षद बोले- हमारे वार्डों में विकास कार्य नहीं हो रहे

भास्कर न्यूज | लुधियाना नगर निगम में भाजपा पार्षदों ने आरोप लगाया है कि आप सरकार में उनके वार्डों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। न तो सफाई कर्मचारियों की संख्या पूरी की जा रही, न नई लाइटें लगाई जा रही हैं और न ही टूटी सड़कों की मरम्मत हो रही है। बुधवार को जोन-ए नगर निगम कार्यालय में जिला अध्यक्ष रजनीश धीमान और उपनेता रोहित सिक्का के नेतृत्व में भाजपा पार्षदों ने कमिश्नर आदित्य डेचलवाल के समक्ष रोष जताया और मांगों को लेकर मांग पत्र सौंपा। पार्षदों का आरोप है कि आप सरकार के विधायकों की शह पर केवल उन्हीं वार्डों में विकास हो रहा है, जहां आप के पार्षद हैं। बाकी वार्डों में साफ-सफाई की व्यवस्था बदहाल है, स्ट्रीट लाइटें नदारद हैं, जिससे रात के अंधेरे में अपराध बढ़ रहे हैं। भाजपा पार्षदों ने कहा कि निगम के मुलाजिम फोन तक नहीं उठाते, जिससे जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है। जिला अध्यक्ष रजनीश धीमान ने कहा कि जब से निगम सदन का गठन हुआ है, भाजपा पार्षदों की कोई सुनवाई नहीं हो रही। आप विधायकों के इशारे पर भाजपा वार्डों को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पार्षदों की मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। उपनेता रोहित सिक्का ने कहा कि हर पार्षद ने कमिश्नर से अपने वार्ड की सफाई व्यवस्था सुधारने, कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने और विकास कार्यों में भेदभाव खत्म करने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *