लुधियाना पश्चिम में अब 1.73 लाख वोटर, 724 नए जुड़े

भास्कर न्यूज| लुधियाना लुधियाना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में अब 173,071 मतदाता है। लुधियाना पश्चिम उपचुनाव के लिए प्रशासन द्वारा ड्राफ्ट वोटर लिस्ट प्रकाशित कर दी है। जनवरी के बाद इस विस क्षेत्र में 724 नए वोटर जुड़े हैं। जिला चुनाव अधिकारी हिमांशु जैन ने बुधवार को लुधियाना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव के लिए मतदाता सूचियों के प्रारूप प्रकाशन की घोषणा की। इस विस क्षेत्र में अब 173,071 मतदाता हैं, जो 7 जनवरी 2025 को फाइनल अपडेटेशन के बाद इसमें 724 नए मतदाता जुड़े हैं। डीसी जैन ने बताया कि अतिरिक्त मतदाताओं में 358 पुरुष और 366 महिलाएं शामिल हैं। 7 जनवरी, 2025 (मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन) तक लुधियाना पश्चिम में 172,347 मतदाता थे, जिनमें 88,703 पुरुष, 83,634 महिलाएं और 10 थर्ड जेंडर शामिल थे। ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अब 89,061 पुरुष, 84,000 महिलाएं और 10 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में 192 मतदान केन्द्र हैं। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मसौदा मतदाता सूची और उसकी सॉफ्ट कॉपी वाली सीडी सौंप दी है। मसौदा सूची बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) के पास उपलब्ध है, जहां निवासी विवरण सत्यापित कर सकते हैं और मतदाता सूचियों की सटीकता की पुष्टि कर सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मसौदा मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां 24 अप्रैल 2025 तक दाखिल की जा सकेंगी, जिनका समाधान 2 मई तक पूरा किया जाएगा। फाइनल मतदाता सूची 5 मई को प्रकाशित की जाएगी। जैन ने कहा कि जो व्यक्ति नया वोट (फॉर्म-6) बनवाना चाहते हैं, वोट हटवाना चाहते हैं (फॉर्म-7) या अपना पता अपडेट करवाना चाहते हैं (फॉर्म-8) वे अपने संबंधित बीएलओ के माध्यम से या www.nvsp.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *