भास्कर न्यूज | नारायणपुर खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य पर जिले में धान खरीदी की जा रही है। कलेक्टर बिपिन मांझी गढ़बेंगाल के धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने धान बेचने आए कृषकों से चर्चा करते हुए धान खरीदी केंद्र में दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कृषकों से सोसायटी में बारदाने की उपलब्धता, धान की गुणवत्ता, टोकन काटने की प्रक्रिया और किसानों को दी जानी वाली भुगतान की जानकारी ली। गढ़बेंगाल धान खरीदी केंद्र में 873 किसान पंजीकृत हैं, उनमें से 396 किसानों ने अब तक धान की बिक्री की है। अब तक किसानों से 18,226 क्विंटल धान की खरीदी की गई है, जिसमें से खरीदी केंद्र से 4,480 क्विंटल धान का उठाव किया गया है। कलेक्टर ने जिले के बाहर के मिलर्सा को भी धान उठाव करने के लिए संपर्क करने के निर्देश दिये। धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे कलेक्टर को कृषकों ने बताया कि उन्हें धान बेचने में कोई समस्या नहीं आ रही है। बड़ी ही आसानी से उन्हें टोकन प्रदाय किए जा रहे हैं और धान के तौल में भी कोई गड़बड़ी नहीं हो रही है।


