भास्कर न्यूज | लुधियाना| रंजिशन युवक पर तेजधार हथियारों व बेसबॉल के बैट से हमला कर गंभीर घायल करने व उसकी सोने की चेन व कान की बालियां लूटने वाले आरोपियों पर थाना दुगरी की पुलिस ने मामला दर्ज किया है। आरोपियों के नाम आकाशदीप, कुलवंत सिंह, केवल सिंह, दीपू हैं, जबकि उनके बाकी साथियों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह वारदात गांव फुल्लां वाल के रहने वाले अमनदीप सिंह की शिकायत पर दर्ज की है। अमनदीप का कहना है कि 4 अप्रैल को वह अपने बाइक पर फुल्लां वाल चौक पहुंचा। तभी आरोपियों ने उसे घेर लिया और उस पर तेजधार हथियारों व बेसबॉल के बैट से हमला कर गंभीर घायल कर दिया। इस दौरान उन लोगों ने उसके कानों में पहनी सोने की बालियां व गले से सोने की चेन छीन लीं। आसपास के लोगो के इकट्ठा होने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। गुरचरण का अब सीएमसी अस्पताल में इलाज चल रहा है।


