सिविल सर्जन को हटाने डॉक्टर आज करेंगे हड़ताल, मेडिकल बोर्ड की बैठक स्थगित

भास्कर न्यूज | जांजगीर जिले में सिविल सर्जन दीपक जायसवाल को हटाने की मांग अब और भी तेज हो गई है। स्वास्थ्य अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के नेतृत्व में जिले के सभी स्वास्थ्य कर्मचारी और डॉक्टर 11 अप्रैल को हड़ताल पर रहेंगे। इस हड़ताल के चलते शुक्रवार को जिला अस्पताल में होने वाली मेडिकल बोर्ड की बैठक को स्थगित कर दी गई है। अब यह बैठक आगामी मंगलवार को होगी। इस विरोध प्रदर्शन का आयोजन जांजगीर के कर्मचारी भवन, मेरा रोड पर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। कार्यक्रम में पहले धरना, फिर रैली और अंत में एसडीएम कार्यालय को ज्ञापन सौंपने की योजना है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य सिविल सर्जन को पद से हटाने की मांग को लेकर है, जिसे लेकर स्वास्थ्य कर्मचारियों में लंबे समय से असंतोष है। जानकारी के अनुसार, इस विरोध प्रदर्शन में जिले के सभी ब्लॉकों से लगभग 506 कर्मचारी हिस्सा लेंगे। डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों के साथ-साथ अब अन्य कर्मचारी भी इसमें शामिल होने के लिए आगे आ रहे हैं। प्रदर्शनकारी कर्मचारी रैली के माध्यम से कर्मचारी भवन से एसडीएम कार्यालय तक जाएंगे। इस दौरान शांति पूर्ण रूप से ध्वनि विस्तारक यंत्र जैसे साउंड सिस्टम का प्रयोग किया जाएगा। आयोजन को व्यवस्थित और अनुशासित बनाए रखने की पूरी तैयारी की जा रही है। प्रदर्शन में शामिल होने वाले कर्मचारी चारपहिया, छोटी चारपहिया, दोपहिया वाहनों, बसों और कुछ पैदल मार्च करते हुए आयोजन स्थल पर पहुंचेंगे। संयुक्त मोर्चा ने स्पष्ट किया है कि जब तक सिविल सर्जन को हटाया नहीं जाता, आंदोलन जारी रहेगा। इस हड़ताल से जिला अस्पताल समेत सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों की सेवाएं प्रभावित होने की संभावना है, जिससे आम जनता को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। प्रशासन ने अब तक कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की निगरानी बढ़ा दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *