भास्कर न्यूज | दाढ़ी विकास के मामले में राजनीति भेदभाव और नेताओं के नजर अंदाज किए जाने के चलते दाढ़ी नगर पंचायत का आज तक समुचित विकास नहीं हो पाया। नगर में आज तक बस स्टैंड का निर्माण नहीं हो पाया, जबकि पूर्ववर्ती कांग्रेस शासनकाल में दाढ़ी ग्राम पंचायत को उपकृत कर नगर पंचायत का दर्जा दिया गया। नपं में नवीन कॉलेज की स्थापना हुई मगर प्राध्यापक की नियुक्ति नहीं होने के कारण भवन के अभाव में कन्या प्राथमिक शाला में नवीन कॉलेज का संचालन हो रहा है। जीर्ण शीर्ण हो चुके पुराने ग्राम पंचायत भवन में तहसील कार्यालय का संचालन किया जाता है। विकास की श्रेणी में नवागढ़ विस में दाढ़ी नपं एवं छिरहा कठौतिया क्षेत्र काफी पिछड़ा हुआ माना जाता है। भाजपा के पूर्व जनपद सदस्य अर्पित गुप्ता ने कहा कि नगर व क्षेत्र के विकास के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा। नपं दाढ़ी में शासकीय कॉलेज, तहसील कार्यालय भवन निर्माण के साथ ही नपं भवन कार्यालय का भी निर्माण होगा। गौरव पथ के लिए भी राशि मिलेगी। मुख्य मार्ग उमरिया से चिल्फी दाढ़ी होते हुए छिरहा जर्जर हो चुके सड़क के नए सिरे से निर्माण के लिए शासन को अवगत कराया जाएगा। कार्यों की स्वीकृति का इंतजार कर रहे हैं यहां के लोग एक रुपए का भी काम विधायक निधि व अधोसंरचना मद से दाढ़ी नगर पंचायत में स्वीकृत नहीं हो पाया। इस अंचल के मतदाता सरकारी कामकाज को लेकर भी कभी भी जनप्रतिनिधियों से मांग पत्र सौंप कर सड़क स्कूल भवन ग्राम पंचायत भवन, कम्युनिटी हाल, सड़क मार्ग शिक्षकों की पद स्थापना के साथ ही मूलभूत सुविधाओं की मांग भी नहीं करते। परिणाम स्वरूप केंद्र और राज्य सरकार के द्वारा ग्राम पंचायत को मिलने वाले योजनाओं का ही कामकाज यहां अब तक हो पाया है। नपं दाढ़ी के लोगों को शहर के विकास कार्यों की स्वीकृति का इंतजार है।


