भास्कर न्यूज | कवर्धा शासकीय हाई स्कूल छिरहा के प्राचार्य डॉ. रमेश चन्द्रवंशी को समाज कल्याण व शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय योगदान के लिए रवींद्रनाथ टैगोर मेमोरियल अवार्ड-2024 से सम्मानित किया गया। उन्हें यह पुरस्कार भारत सरकार के लघु, कुटीर एवं मध्यम उपक्रम मंत्रालय, इंटरनेशनल एक्रिडिएशन फोरम तथा इंटरनेशनल आर्गेनाइजेशन फॉर स्टैंडर्डाइजेशन से पंजीकृत संस्थान बुक ऑफ रिकार्ड इंटरनेशनल पुणे महाराष्ट्र द्वारा प्रदान किया गया। यह पुरस्कार सामाजिक व्यवस्था को प्रोत्साहित करने व शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया है। प्राचार्य डॉ.रमेश चन्द्रवंशी इसके पहले भी कई बड़े पुरस्कार व उपलब्धि प्राप्त कर चुके हैं,जिसमें प्रमुख रूप से एक ही विवि से 12 विषय में स्नातकोत्तर उपाधि के लिए उनका नाम विश्व रिकार्ड में दर्ज होने के साथ ही इंटरनेशनल यूथ आईकॉन, अंतरराष्ट्रीय शैक्षिक पुरस्कार, नेशनल बेस्ट टीचर, नेशनल बेस्ट सोश्यल वर्कर तथा इंटरनेशनल अचीवर्स अवार्ड से सम्मानित किए जा चुके हैं। उन्हें छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्यपाल पुरस्कार अर्थात राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। उनकी इस उपलब्धि के लिए परिजनों, मित्रों, शिक्षकों व संघ पदाधिकारियों ने सराहना की है।


