भास्कर न्यूज | इटखोरी चतरा डीएसपी अमिता लकड़ा ने शनिवार को अवैध बालू उत्खनन के विरुद्ध सघन छापामारी अभियान चलाकर इटखोरी के जुगुडीह जंगल से अवैध बालू लदे पांच ट्रैक्टरों को जब्त कर इटखोरी थाने को सुपुर्द कर दी है। इटखोरी थाने में जब्त उक्त पांचों ट्रैक्टरों के विरुद्ध उत्खनन विभाग अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एक साथ पांच ट्रैक्टरों की जब्ती को लेकर ट्रैक्टर संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। इस अभियान में डीएसपी के अलावा इटखोरी थाना के अधिकारी और पुलिस बल के जवान भी शामिल थे। उल्लेखनीय है कि इटखोरी के मुहाने, जुगुड़ीह, टोनाटांड, बसाने नदी और धुन्ना समेत विभिन्न नदियों से नित्य दिन की रात्रि बड़े पैमाने पर बालू का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। अगर समय रहते इस पर रोक नहीं लगा तो मुहाने नदी से बालू समाप्त हो जायेगा। फिर आने वाले दिनों में स्थानीय लोगों को आवास, कुप और शौचालय आदि निर्माण कार्य में बालू नहीं मिलेगा। इसके बाद इन्हें बाहर से मोटी रकम में बालू की खरीदारी करनी पड़ेगी।


