भास्कर न्यूज|लोहरदगा स्वामी करपात्री सेवन स्टार्स अकादमी में शनिवार को छठी वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता हुई। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि डॉ. बिंदेश्वर उरांव ने दीप जलाकर और हरी झंडी दिखाकर की। उन्होंने 100 मीटर दौड़ को रवाना किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में भंडारा थाना प्रभारी अरविंद कुमार सिंह और राजकिशोर महतो मौजूद रहे।विद्यालय के प्राचार्य नंदन अग्रवाल ने कार्यक्रम का संचालन किया। प्रतियोगिता में 100 मीटर, 200 मीटर, 50 मीटर बैक रेस, 100 मीटर रिले रेस, सेक रेस, जलेबी रेस, वन लेग रेस, थ्री लेग रेस, जंपिंग रेस, बनाना ईटिंग रेस, बिस्कुट रेस, लॉन्ग जंप, हाई जंप, लेटर अरेंजिंग, वॉटर बोतल फिलिंग रेस, स्पून रेस और थिंग्स कलेक्टिंग रेस जैसे खेल हुए। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय, तृतीय और सांत्वना स्थान पाने वाले बच्चों को मेडल और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। खेलों के दौरान बच्चों को शरबत और ग्लूकोन-डी भी पिलाया गया। मुख्य अतिथि ने कहा कि खेल शिक्षा का अहम हिस्सा हैं। इससे बच्चों को नौकरी के अवसर मिलते हैं। खेल शारीरिक और मानसिक विकास में मदद करते हैं। उन्होंने कहा कि हर छात्र को पढ़ाई के साथ खेलों में भाग लेना चाहिए। इससे अनुशासन, आत्मविश्वास और टीमवर्क की भावना बढ़ती है। थाना प्रभारी ने बच्चों को निरंतर प्रयास करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मेहनत से सफलता जरूर मिलती है। बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल के लिए भी समय निकालना चाहिए। कार्यक्रम में विद्यालय के संरक्षक कृष्ण चैतन्य ब्रह्मचारी, पूर्व शिक्षक आशुतोष राम, कलेश्वर, शिक्षक संतोष उरांव, कंचना सरोज, काजल कुमारी, सुषमा देवी, बेला देवी, दामोदर साहू, प्रीति देवी, राजेंद्र प्रसाद, जीवन साहू, सभी अभिभावक, ग्रामीण और विद्यालय के सभी छात्र मौजूद थे।


