राजस्थान पुलिस इस बार राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस तीन दिन मानाएगी। राज्यस्तरीय कार्यक्रम राजस्थान पुलिस अकादमी में 16 अप्रैल को होगा। इस दौरान आरपीए में सुबह से ही कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं पुलिसकर्मियों को उम्मीद है कि सीएम इस दौरान उनकी लम्बित चल रही मांगों को इस दौरान पूरा करेंगे। पूर्व में पुलिसकर्मियों ने उनकी मांगें नहीं माने जाने पर साल में आने वाले एक त्योहार होली का बहिष्कार किया था। जिसे लेकर सीएम ने सीएस और डीजीपी से इसे लेकर मीटिंग की थी। सीएम के राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस पर आने की सूचना के बाद पुलिसकर्मियों की उम्मीद जगी है। नागरिक सुरक्षा समन्वय समिति के अध्यक्ष जय प्रकाश कुमावत ने बताया- इस बार राजस्थान पुलिस दिवस कार्यक्रम के दौरान सीएम भजनलाल की ओर पुलिसकर्मियों के लाखों पुलिस परिवार की उम्मीद है कि पुलिस डिमांड को सीएम पूरी करने की घोषणा करेंगे। इस बार का राजस्थान पुलिस दिवस ऐतिहासिक दिवस होगा। 15 से 17 अप्रैल तक 76वां राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस मनाया जाएगा पुलिस स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में राजस्थान पुलिस अकादमी (आरपीए) में राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ सभी पुलिस रेंज, पुलिस जिला एवं पुलिस यूनिटों में भी विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन की रूपरेखा बनाई गई है। डीजीपी राजस्थान यूआर साहू ने बताया- राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस के अवसर पर राजस्थान पुलिस अकादमी एवं रेंज मुख्यालयों सहित विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक समन्वय समिति गठित की गई है। इस समिति में महानिदेशक, एससीआरबी एवं साइबर क्राइम हेमंत प्रियदर्शी, महानिदेशक पुलिस इंटेलिजेंस संजय अग्रवाल, महानिदेशक पुलिस टेली कम्युनिकेशंस एंड टेक्निकल एवं ट्रैफिक अनिल पालीवाल सहित अतिरिक्त महानिदेशक स्तर के अन्य अधिकारियों को सदस्य बनाया गया है। आरपीए में 16 को होगा राज्य स्तरीय समारोह पुलिस स्थापना दिवस का राज्य स्तरीय समारोह 16 अप्रैल को राजस्थान पुलिस अकादमी परिसर में आयोजित किया जाएगा। इसमें मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा परेड की सलामी लेंगे। परेड में राजस्थान पुलिस अकादमी, चतुर्थ एवं पांचवी बटालियन, आरएसी, हाड़ी रानी बटालियन, एसडीआरएफ, जीआरपी, एमबीसी एवं ईआरटी की एक-एक प्लाटून के अलावा जयपुर पुलिस आयुक्तालय की तीन प्लाटून (निर्भया स्क्वॉड प्लाटून, पुलिसकर्मी प्लाटून और यातायात प्लाटून) सहित कुल 11 प्लाटून भाग लेंगी। जयपुर में ऐसे आमजन जिन्होंने जीवन रक्षा अथवा किसी घटना/दुर्घटना के मौके पर पुलिस को सहयोग किया हो, उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए परेड समारोह में आमंत्रित किया जाएगा। इसके अलावा परेड समारोह में जयपुर कमिश्नरेट के थानों के सीएलजी एवं शांति समिति के सदस्य एवं रिटायर्ड पुलिस कार्मिकों को भी आमंत्रित किया जाएगा। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस पदक प्रदान करेंगे राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा परेड के बाद उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 18 पुलिस अधिकारी एवं कार्मिकों को पुलिस पदक एवं 40 पुलिस अधिकारियों एवं कार्मिकों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक प्रदान करेंगे। इससे पहले पुलिस मुख्यालय एवं जयपुर स्थित पुलिस यूनिटों में कार्यरत पुलिस कार्मिकों को उत्तम, अति-उत्तम एवं सर्वोत्तम सेवा चिह्नों आदि पदकों का वितरण सम्बंधित यूनिट और शाखा के स्तर पर किया जाएगा।


