बाबा साहेब की 134वीं जयंती कल:जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे कार्यक्रम की अध्यक्षता, 500 लोगों को मिलेगी मुफ्त बीमा पॉलिसी

जयपुर में भारत रत्न बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की 134वीं जयंती समारोह का आयोजन सोमवार को किया जाएगा। डॉ. अंबेडकर मेमोरियल वेलफेयर सोसायटी इस कार्यक्रम का आयोजन कर रही है। सोसायटी के महासचिव जी.एल. वर्मा ने बताया कि समाज में एकता का संदेश देने के लिए बाबा साहेब के विचारधारा को मानने वाले सभी वर्गों के लोग कार्यक्रम में शामिल होंगे। समारोह में अंबेडकर को पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इसके साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी होंगी। कार्यक्रम की एक विशेष पहल के तहत 500 लोगों को एक लाख रुपए की व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा पॉलिसी मुफ्त दी जाएगी। यह पहल ऑल इंडिया जनरल इंश्योरेंस एससी/एसटी एम्प्लॉयज वेलफेयर एसोसिएशन (राजस्थान स्टेट), ऑल इंश्योरेंस एम्प्लॉयीज ऑर्गेनाइजेशन और संबोधी सेवा सोशल वेलफेयर एंड कल्चर सोसायटी की ओर से की जा रही है। मीडिया प्रकोष्ठ संयोजक महेश धावनिया ने बताया- कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा मुख्य अतिथि होंगे। उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद्र बैरवा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, मुख्य सचेत जोगेश्वर गर्ग और सांसद मंजू शर्मा भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *