सदर थाना की पुलिस ने रांची में चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए रविवार को पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधी मध्यप्रदेश के पार्डी गैंग के सदस्य हैं और रांची में विभिन्न जगहों पर घूम कर बंद घरों को निशाना बनाते थे। ताला तोड़कर नगद व जेवरात की चोरी कर फरार हो जाते थे। इन्हीं आरोपियों ने कुंभ नहाने प्रयागराज गए कुलेश ओहदार के बंद घर का ताला तोड़कर 40 लाख रुपए के गहने व जेवरात की चोरी की थी। पीड़ित कुलेश ने एक फरवरी को सदर थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसके बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। बताया जाता है कि कोकर चौक स्थित शैमफोर्ड अस्पताल के पास तीन संदिग्ध दिखे, जिसे पुलिस ने पकड़कर पूछताछ शुरू की। इसके बाद तीनों आरोपियों ने चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार करते हुए अपने गिरोह के बारे में जानकारी दी। गिरफ्तार आरोपियों ने रांची, रामगढ़, जमशेदपुर समेत अन्य जिलों में भी हुई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकारी। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने रामगढ़ स्थित ज्वेलरी दुकान से 7.25 लाख रुपए का जेवरात बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में शंकर कन्हैया सोलकी, जुजू आदिवासी व मंगल सिंह पार्डी उर्फ दातित्या (तीनों मध्यप्रदेश), मनीष कटारिया व रौशन कुमार (दोनों रामगढ़) शामिल हैं। गिरोह में 50 सदस्य हैं, जिनमें 20 महिलाएं हैं। ये लोग विभिन्न राज्यों में घूमकर गुब्बारे और खिलौने बेचने के अलावा अन्य छोटे-छोटे सामानों की भी बिक्री करते हैं। इसी गिरोह के सदस्य कहीं-कहीं झूला भी लगाते हैं। दिन में सामान बेचने के बाद बंद घर की रेकी करते है और रात में चोरी करते हैं।


