जोधपुर, 18 जुलाई 2022, सुबह 8 बजे लूणी थाना क्षेत्र के सर गांव में एक हादसा हुआ। एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में बाइक सवार मौसेरे भाई-बहन की मौत हो गई। पुलिस इसे हादसा मान रही थी, लेकिन ये हादसा नहीं हत्या थी। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… लूणी थाना क्षेत्र के सर गांव से 28 वर्षीय रमेश पटेल अपनी 25 वर्षीय मौसेरी बहन कविता को ट्रेनिंग के लिए ले जा रहा था। कविता की पटवारी पद पर नौकरी लगी थी। कविता 2009 से अपनी मौसी के यहां रह रही थी। वह मौसेरे भाइयों रमेश और अशोक के साथ कॉम्पिटिशन एग्जाम की तैयारी कर रही थी। रमेश कविता को पढ़ाता भी था। रमेश का सिलेक्शन ग्राम विकास अधिकारी के पद पर हो चुका था। हत्या से चार दिन पहले कविता को पटवारी पद पर नियुक्ति दिलवाने रमेश जोधपुर लाया था। 18 जुलाई 2022 से कविता की ट्रेनिंग शुरू होनी थी। उसे जोधपुर रहना था, इसलिए कविता अपने साथ कुछ कपड़े लेकर घर से निकली। खुशी-खुशी दोनों बाइक पर सवार होकर जोधपुर जा रहे थे। गांव से बाहर निकले ही थे कि एक पुलिया के पास सामने से आई एसयूवी ने टक्कर मार दी। मौके पर ही दोनों भाई-बहन की मौत हो गई। घरवालों ने जताई हत्या की आशंका
कविता के सरकारी नौकरी की खुशी गम में बदल गई। घर और गांव में मातम छा गया। रमेश के भाई व गांव वालों ने पुलिस के सामने हादसे के बजाय हत्या की आशंका जताई। गांव वालों ने बताया कि जिस गाड़ी से टक्कर मारी गई, वह कई दिनों से गांव के चक्कर लगा रही थी। ऐसे में शक हुआ कि यह मर्डर है हादसा नहीं। परिवार वालों के साथ ग्रामीणों ने हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी के बाहर हत्यारों को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग को लेकर धरना दिया। पहले भी एक्सीडेंट वाली गाड़ी ने किया था पीछा
पुलिस पर दबाव बढ़ता जा रहा था। जल्द से जल्द केस सॉल्व करने की चुनौती थी। ऐसे में पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि जिस गाड़ी ने बाइक को टक्कर मारी, उसने कुछ दिन पहले भी रमेश का पीछा किया था। रमेश का भाई अशोक भी उस दिन साथ था। अशाेक ने इस गाड़ी से पीछा करना नोटिस किया था और अपने भाई रमेश को भी बताया था। रमेश की पत्नी पर घूमी शक की सुई
इन्वेस्टिगेशन के दौरान शक की सुई रमेश (मृतक) की पत्नी गुड्डी पर भी घूमी। रमेश के भाई अशोक व ग्रामीणों ने भी गुड्डी पर शक जताया था। ऐसे में पुलिस ने गुड्डी को उसके घर से डिटेन किया और कुड़ी थाने लाकर पूछताछ की। शुरुआत में गुड्डी इनकार करती रही। बाद में पुलिस की सख्ती के आगे टूट गई। उसने कबूल कर लिया कि रमेश व कविता की हत्या में उसका हाथ था। गुड्डी ने मर्डर कबूल कर लिया था, लेकिन अब भी कई सवालों के जवाब मिलने बाकी थे… कल पार्ट-2 में पढ़िए इन सवालों के जवाब…


