जयपुर वैक्स म्यूजियम में लगेगा सवाई भवानी सिंह का स्टैच्यू:रॉयल दरबार सेक्शन का होगा हिस्सा, क्ले फेस का फर्स्ट लुक हुआ जारी

भारत-पाक युद्ध में दुश्मनों के छक्के छुड़ाने वाले महावीर चक्र से सम्मानित और जयपुर राजघराने की शान ब्रिगेडियर सवाई भवानी सिंह की मोम की प्रतिमा अब जल्द ही अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त नाहरगढ़ के वैक्स म्यूजियम में स्थापित की जाएगी। उनकी 14वीं पुण्यतिथि के अवसर पर 16 अप्रैल को उनके वैक्स फिगर का ‘क्ले फेस’ फर्स्ट लुक सार्वजनिक किया जाएगा। इस अवसर पर उनकी वीरता, सेवाभाव और सामाजिक योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। जयपुर वैक्स म्यूजियम के फाउंडर डायरेक्टर अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि यह वैक्स फिगर रॉयल दरबार सेक्शन का हिस्सा होगा, जहां पहले से ही राजस्थान के ऐतिहासिक शासकों की मूर्तियां दर्शकों को आकर्षित कर रही हैं। अनूप श्रीवास्तव ने इस परियोजना को लेकर उपमुख्यमंत्री, पर्यटन मंत्री एवं सवाई भवानी सिंह की बेटी दीया कुमारी से मुलाकात कर उन्हें फिगर की संकल्पना, रिसर्च मटेरियल, अनावरण और अन्य पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दीया कुमारी ने पूरे सहयोग का आश्वासन दिया है और स्वयं प्रतिमा का अनावरण करने की इच्छा भी जताई है। वीरता की मिसाल रहे भवानी सिंह
अनूप श्रीवास्तव ने बताया- स्वतंत्र भारत में सेना में जाने वाले पहले महाराजा होने का गौरव प्राप्त करने वाले सवाई भवानी सिंह ने सेकेंड लेफ्टिनेंट के रूप में सेना में कदम रखा था। युद्धभूमि में उन्होंने अपार साहस दिखाते हुए पाकिस्तान के कई क्षेत्रों पर विजय प्राप्त की और भारतीय ध्वज फहराया। इसी वीरता के लिए उन्हें महावीर चक्र से सम्मानित किया गया। इतिहास को जीवंत करता म्यूजियम जयपुर वैक्स म्यूजियम ने हाल के वर्षों में यह निर्णय लिया है कि केवल फिल्मी सितारों के स्थान पर राजस्थान के असली नायकों, वीर योद्धाओं, और इतिहास निर्माताओं की प्रतिमाएं अधिक संख्या में शामिल की जाएंगी। म्यूजियम में पहले से ही महाराणा प्रताप, सवाई जय सिंह द्वितीय, सवाई राम सिंह द्वितीय, सवाई माधो सिंह द्वितीय, महारानी गायत्री देवी जैसी ऐतिहासिक हस्तियों के वैक्स फिगर लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। अनूप श्रीवास्तव ने कहा कि राजसी जीवन छोड़ सेना में जान की बाजी लगाने वाले भवानी सिंह जैसे योद्धा की प्रतिमा हमारे म्यूजियम के लिए गर्व का विषय है। यह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। फिलहाल उनका ‘क्ले फेस’ – यानी मिट्टी से तैयार प्रारंभिक रूप तैयार हो चुका है, और जल्द ही उनका पूर्ण वैक्स फिगर पर्यटकों के लिए प्रदर्शित किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *