राजगढ़ में NSUI कार्यकर्ताओं पर FIR से नाराजगी:थाने के सामने कांग्रेसियों का प्रदर्शन; पूर्व विधायक ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

राजगढ़ जिले के ब्यावरा में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं पर दर्ज एफआईआर के विरोध में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। पूर्व विधायक रामचंद्र दांगी के नेतृत्व में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिटी थाने के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस की कार्यप्रणाली, बढ़ते अपराधों और सट्टा-जुए के कारोबार पर तीखे सवाल उठाए गए। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन भाजपा के दबाव में काम कर रहा है और विरोध करने वालों को प्रताड़ित कर रहा है। क्या है पूरा मामला कांग्रेस का यह प्रदर्शन तब शुरू हुआ जब शुक्रवार को एनएसयूआई के कार्यकर्ता बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर से जुड़े मुद्दों पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के साथ बर्बरता की, उन्हें जबरन थाने लाया और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। रामचंद्र दांगी ने कहा, “थाने में कार्यकर्ताओं को धमकाया गया कि अगर भाजपा विरोधी प्रदर्शन किया, तो झूठे मामलों में फंसा दिया जाएगा। यह पुलिस का तानाशाही रवैया है, जो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने थाना प्रभारी वीरेंद्र धाकड़ पर सीधे आरोप लगाए। दांगी ने कहा, “यहां सट्टा, जुआ, और नशे का कारोबार खुलेआम चलता है। थाना प्रभारी की मिलीभगत से अपराधी बेखौफ हैं। ब्यावरा थाना पूरे जिले में अवैध कमाई का सबसे बड़ा केंद्र बन चुका है। भाजपा और पुलिस की मिलीभगत से ब्यावरा की जनता को नुकसान हो रहा है।” बढ़ते अपराधों पर कांग्रेस का हल्ला बोल धरना प्रदर्शन में कांग्रेस ने ब्यावरा में बढ़ते अपराध, पुलिस की निष्क्रियता और सत्ता का संरक्षण मिलने पर कड़ा विरोध जताया। कांग्रेस नेता चंदर सिंह सोंधिया ने कहा, ” ब्यावरा शहर की हर गली में सट्टा, जुआ और नशे का कारोबार फल-फूल रहा है। सत्ता में बैठे लोग अपराधियों को बचा रहे हैं, जबकि पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। हमारे नौजवान गलत रास्ते पर जा रहे हैं और प्रशासन अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल है।” कांग्रेस ने इस प्रदर्शन में अपनी चार प्रमुख मांगें रखीं: 1. एनएसयूआई कार्यकर्ताओं पर दर्ज एफआईआर तत्काल वापस ली जाए। 2. थाना प्रभारी को तुरंत हटाया जाए और उनकी भूमिका की जांच हो। 3. ब्यावरा में सट्टा, जुआ और नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की जाए। 4. पुलिस निष्पक्ष होकर काम करे और राजनीतिक दबाव में कार्रवाई बंद करे।
आंदोलन और तेज करने की चेतावनी कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। रामचंद्र दांगी ने कहा, “हम ब्यावरा में अपराध और अन्याय के खिलाफ लड़ाई जारी रखेंगे। भाजपा की तानाशाही और पुलिस की मनमानी अब और बर्दाश्त नहीं होगी।” धरना बना शक्ति प्रदर्शन प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जुटे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। “पुलिस प्रशासन होश में आओ” जैसे नारों के बीच कांग्रेस नेताओं ने जनता को आश्वस्त किया कि वे उनके हक और न्याय के लिए लड़ते रहेंगे।
यह प्रदर्शन कांग्रेस के सख्त रुख और आगामी राजनीतिक रणनीतियों की ओर इशारा करता है, जो ब्यावरा में नई सियासी हलचल पैदा कर सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *