भास्कर न्यूज| अमृतसर दुर्ग्याणा के गोस्वामी तुलसीदास मंदिर में जानकी नवमी के उपलक्ष्य में श्रीरामचरितमानस का संगीतमय पाठ जारी है। अगले महीने की 5 तारीख तक चलने वाले इस भक्तिमय आयोजन में बुधवार को श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम के राजा दशरथ और माता कैकेयी से मिलने के मार्मिक प्रसंग का श्रवण किया। इस अवसर पर कथावाचक धर्मपाल जी ने उपस्थित भक्तों को विस्तार से कथा सुनाते हुए बताया कि वीरवार को श्रीराम के 14 वर्ष के वनवास का प्रसंग सुनाया जाएगा, जो कि इस कथा का एक महत्वपूर्ण भाग है। इस पावन अवसर पर पवन वधवा, गोपाल, राम गुलाटी, विक्की मेहरा, कपिल, सतीश समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


