बीबीके डीएवी कॉलेज फॉर वुमन में 54वां दीक्षान्त समारोह

भास्कर न्यूज | अमृतसर सिटी बीबीके डीएवी कॉलेज फॉर वुमन में 54वां दीक्षांत समारोह आयोजित हुआ। इसमें 2023-24 बैच की स्नातक और स्नातकोत्तर छात्राओं को डिग्रियां दी गईं। मुख्य अतिथि गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. कर्मजीत सिंह रहे। विशिष्ट अतिथि अमृतसर के मेयर जतिन्दर सिंह मोती भटिया रहे। कार्यक्रम की शुरुआत डीएवी गायन, वेद मंत्रों और दीप प्रज्वलन से हुई। कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. पुष्पिन्दर वालिया ने कॉलेज की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। रिपोर्ट में अकादमिक, खेल, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों में छात्राओं की राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियों का उल्लेख किया। मुख्य अतिथि डॉ. कर्मजीत सिंह ने दीक्षांत भाषण में महिला सशक्तिकरण में कॉलेज के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत और मजबूत इच्छाशक्ति से हर असफलता में छिपी सफलता को पाया जा सकता है। विशिष्ट अतिथि जतिन्दर सिंह मोती भटिया ने कहा कि देश के कार्यक्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी जरूरी है। समारोह में कला, वाणिज्य, विज्ञान, पत्रकारिता, अर्थशास्त्र, कंप्यूटर विज्ञान, मल्टीमीडिया और फैशन डिजाइन जैसे विषयों की 500 से अधिक छात्राओं को डिग्रियां दी गईं। पत्रकारिता में विशेष योगदान के लिए शहर के विभिन्न मीडिया संगठनों के मीडियाकर्मियों को भी सम्मानित किया गया। युवा कल्याण विभाग ने लोक गीत और वाद्ययंत्रों की प्रस्तुति से समारोह को सांस्कृतिक रंग दिया। कॉलेज समाचार बुलेटिन का विमोचन भी किया गया। प्रिंसिपल डॉ. पुष्पिन्दर वालिया और अध्यक्ष ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए। इस अवसर पर आर्य समाज के सदस्य कर्नल वेद मित्तर, इंद्रजीत ठुकराल, विमल कपूर, अश्वनी कपूर सहित कॉलेज के टीचिंग और नॉन टीचिंग स्टाफ मौजूद रहे। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *