भास्कर न्यूज | बेमेतरा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत पात्र ग्रामीण परिवारों की पहचान के लिए जिले में आवास प्लस 2.0 मोबाइल एप से सर्वे चल रहा है। यह सर्वे 30 अप्रैल तक चलेगा। पात्र हितग्राही स्वयं भी एप डाउनलोड कर सर्वे कर सकते हैं। बेमेतरा जिले में मोर दुआर-साय सरकार महाभियान के तहत 15 से 30 अप्रैल तक विशेष सर्वेक्षण पखवाड़ा चलाया जा रहा है। पहले चरण में 15 से 19 अप्रैल तक जिला और ब्लॉक स्तर पर मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और जनप्रतिनिधि प्रतीकात्मक रूप से एक-एक परिवार का सर्वे कर रहे हैं। 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बस्तर के घाटपदमपुर गांव से इस महाभियान की शुरुआत की थी। बुधवार को खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने नांदघाट ग्राम पंचायत में दो हितग्राहियों के घर पहुंचकर सर्वे किया। उन्होंने पात्र लोगों से 30 अप्रैल से पहले पंजीयन कराने की बात कही। 30 अप्रैल के बाद दावा आपत्ति मान्य नहीं होगा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी टेकचंद्र अग्रवाल ने बताया कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देश पर 17 अप्रैल को विधायक और सांसद, 18 अप्रैल को जिला पंचायत अध्यक्ष और सदस्य, 19 अप्रैल को जनपद अध्यक्ष और सदस्य सर्वे करेंगे। 30 अप्रैल के बाद भारत सरकार सर्वे बंद कर देगी। इसके बाद कोई दावा या आपत्ति मान्य नहीं होगी। पात्र हितग्राही ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक या आवास मित्र से संपर्क कर अपना पंजीयन करवा सकते हैं।


