भास्कर न्यूज | चिरमिरी शहर में यातायात व्यवस्था बिगड़ती जा रही है। बीते दस सालों में नगर निगम ने सड़कों के चौड़ीकरण पर कोई योजना नहीं बनाई। जनप्रतिनिधियों और अफसरों ने इस दिशा में ध्यान नहीं दिया। नतीजा यह हुआ कि शहर की मुख्य सड़कें अब गलियों जैसी हो गई हैं। जगह-जगह अवैध अतिक्रमण से सड़कें और संकरी हो गई हैं। जहां चौड़ीकरण की गुंजाइश थी, वहां निगम ने सौंदर्यीकरण शुरू कर दिया। पोड़ी से हल्दीबाड़ी 6 नंबर गोलाई तक की सड़क पर डिवाइडर लगाकर चौड़ीकरण किया जाना चाहिए था। इससे हादसों में कमी आ सकती थी। लेकिन मोहन कॉलोनी के पास अंधे मोड़ पर सौंदर्यीकरण कर सड़क को और संकरा कर दिया गया। यहां हर हफ्ते 4 से 5 हादसे हो रहे हैं। वाहन चालक अंधे मोड़ पर टकरा जाते हैं। लोग चोटिल होकर चले जाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसों की वजह अंधा मोड़ और संकरी सड़क है। बिना किसी योजना के दीवार बनाकर उस पर चित्र बनाए गए। अब शहर में वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में सड़कों पर दबाव बढ़ गया है। यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए सड़क चौड़ीकरण जरूरी हो गया है।


