सरहाली मंडा में 12 अप्रैल की रात को हुई बुजुर्ग की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। हत्या गांव के ही मनप्रीत सिंह ने की थी। दो साल पहले मृतक के परिवार से गली को लेकर उसका झगड़ा हुआ था। उसी रंजिश में उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान परगट सिंह पुत्र करम सिंह के रूप में हुई थी। मृतक के बेटे गुरजंत सिंह के बयान पर थाना सिटी पट्टी पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटनास्थल के पास से पुलिस को एक किरच मिली थी। एसएसपी अभिमन्यु राणा ने बताया कि डीएसपी पट्टी लवकेश कुमार की निगरानी में थाना सिटी प्रभारी इंस्पेक्टर हरप्रीत सिंह ने जांच की। जांच में सामने आया कि हत्या मनप्रीत सिंह पुत्र बलदेव सिंह निवासी सरहाली मंडा ने की थी। उसे केस में नामजद कर गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि दो साल पहले उसका परगट सिंह के परिवार से गली को लेकर झगड़ा हुआ था। उसी रंजिश में उसने हत्या की। डीएसपी लवकेश कुमार ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।


