बादल भी नहीं रोक पाए लू की लगाम, पारा 45.1 डिग्री, बारिश से 1 डिग्री गिरा तापमान

सिटी रिपोर्टर | बीकानेर मौसम विभाग ने हीटवेव की चेतावनी जारी की थी। बुधवार को लू ने अपना रंग दिखाया भी। बुधवार देर रात आंधी चली और आसमान में बादल छा गए। नतीजा ये हुआ कि पूरी रात लू का अहसास रहा। गुरुवार को तड़के बूंदाबांदी, आसमान में बाद और पूर्वी हवाओं ने सुबह से खुशनुमा कर दी मगर जल्दी ही बादल छंट गए। तेज धूप में हवाओं ने फिर लू का रूप ले लिया। दोपहर बाद एक बार फिर बादलों की आवाजाही तेज हो गई। 4 बजे कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हुई, बावजूद इसके दिन का पारा 45.1 डिग्री रहा। दरअसल मौसम विभाग ने कुछ दिन पहले ही 15 से 18 अप्रैल तक प्रचंड लू की आशंका जताई थी। उसके लिए चेतावनी भी जारी की थी। बीकानेर में हीटवेव को लेकर ऑरेज अलर्ट भी जारी किया था। बुधवार को 44.2 डिग्री से अहसास भी हो गया था कि लू के सेकंड स्लैब में पारा 46 डिग्री पार हो सकता है। गुरुवार दोपहर बाद बदले मिजाज से उम्मीद जागी कि लू धीमी पड़ेगी मगर हुआ उल्टा। बादल और बूंदाबांदी के बीच पारा 45 डिग्री पार हो गया। बीती रात भी तेज गर्म हवा चली मगर उससे गर्मी से राहत नहीं मिली। अलसुबह हलकी बूंदें गिरी। बावजूद इसके दिन की तपिश पर कोई असर नहीं क्योंकि सुबह बूंदाबांदी के बाद आसमान साफ हो गया। आसमान साफ होते ही धूप ने बुधवार की तुलना में ज्यादा तीखे तेवर दिखाने शुरू किए। हालात इतने विकट हो गए कि दोपहर में गर्म हवा के थपेड़े लोगों को झुलसाने लगे। सुबह 11 बजे से लेकर 3 बजे तक धूप अंगार से बरसा रही थी मगर जैसे ही साढ़े तीन बजे तो अचानक बादल घिरने शुरू हो गए। 4 बजे आते-आते अचानक धीरे-धीरे बूंदाबांदी वापस शुरू हो गई। जिस वक्त बूंदाबांदी हो रही थी उस वक्त बीकानेर का पारा 43 डिग्री हो गया था जबकि दो बजे पारा 45.1 डिग्री था। क्योंकि भले ही बूंदाबांदी हो रही हो मगर गर्म हवाएं फिर भी ठंडी नहीं हुई जिससे तापमान में सिर्फ एक ही डिग्री की गिरावट हुई। आज और लू की शंका- मौसम विभाग के पूर्वानुमान को मानें तो शुक्रवार को भी लू के थपेड़े लोगों को परेशान करेंगे मगर शनिवार से मौसम वापस करवट बदलेगा। रात का पारा गिरकर 25 से 26 डिग्री और दिन का पारा 40 डिग्री के नीचे पहुंच सकता है। 19 से नया विक्षोभ आने की संभावना है जिससे लू से राहत मिलेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *