जैसलमेर पुलिस ने चोरी के मामले में एक चोर की तलाश की तो वो चोर जेल में मिला। पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर चोर को गिरफ्तार किया और उसके द्वारा चोरी किया गया माल भी बरामद कर लिया। कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमदान ने बताया कि ऑपरेशन खुलासा के तहत एक चोरी के मामले में ही जेल गया हुआ डाबराराम उर्फ दाउराम भील (26) को पिछले साल हुई चोरी के मामले में पकड़ा है। उसने कोर्ट के एक बाबू के घर से लैपटॉप, पर्स आदि चुराया था। उसकी निशानदेही पर चोरी किया सामान बरामद किया। कोर्ट के बाबू के घर की थी चोरी SHO प्रेमदान रतनू ने बताया कि 29 नवंबर 2024 को दीनाराम पुत्र ज्वारा राम जाति मेघवाल जो वरिष्ठ लिपिक मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट में कार्यरत है। उसने शिकायत देकर बताया कि वो शहर स्थित लक्ष्मीचंद सांवल कॉलोनी जैसलमेर में रहते हैं। शाम को जब वो कोर्ट से घर लौटे तब देखा कि मकान का मुख्य दरवाजा खुला था। अन्दर जाकर कमरों में देखा तो सामान अस्त व्यस्त था। जब कमरों में देखा तो दो लेपटॉप, पर्स व पर्स के अन्दर आधार कार्ड, पेन कार्ड व बैक ऑफ बड़ौदा का एटीएम व वोटर कार्ड जो कोई चोर चोरी कर ले गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोर की तलाश शुरू की। तकनीकी मदद से पकड़ा गया चोर चोरी की घटना को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक, जैसलमेर सुधीर चौधरी के आदेशानुसार, कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमदान के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। पुलिस ने तकनीकी मदद से चोर की तलाश शुरू की। चोर की पहचान होने पर जब उसकी पड़ताल की गई तो उसके जेल में होने की जानकारी मिली। पुलिस ने डाबराराम उर्फ दाउराम पुत्र किशनाराम भील, निवासी किशनघाट को प्रोडक्शन वारंट पर पूछताछ कर गिरफ्तार किया। चोर के कब्जे से चोरी किया गया माल बरामद कर लिया गया। जांच के बाद चोर को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे दोबारा जेल भेज दिया गया।


