डूंगरपुर की कोतवाली पुलिस ने 50 फीट गहरे सूखे कुएं से एक महिला का शव बरामद किया है। महिला को तीन दिन पहले उसके पति ने पत्थरों से सिर कुचलकर मार दिया था। इसके बाद शव को कुएं में फेंक दिया। 3 दिनों तक इसकी किसी को भनक नहीं लगी। आरोपी पति शनिवार शाम को खुद थाने पहुंचा और पूरी घटना बताई। पुलिस ने कुएं से शव बाहर निकालकर अस्पताल के मॉर्च्युरी में रखवाया है। जहां रविवार को पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई होगी। घटना मांडवा खापरड़ा गांव की है। कोतवाली थाना एसआई चंदूलाल ने बताया कि सदर थाना क्षेत्र के आसेला निवासी बक्सी डामोर (40) और उसकी पत्नी बबली डामोर (38) दोनों की शादी 18 साल पहले हुई थी। दोनों के एक 17 साल का बेटा हरीश है। शादी के बाद से दोनों में अनबन को वजह से दोनों 12 सालों से अलग रह रहे थे। बबली अपने पीहर गलंदर में रहती थी, लेकिन 3 महीने पहले पत्नी बबली पुरानी अनबन और झगड़ा खत्म कर वापस अपने पति बक्सी के पास लौट आई। तीन महीने तक दोनों आपस में साथ रहे। 16 अप्रैल फिर हुआ झगड़ा 16 अप्रैल को दोनों पति पत्नी में फिर से अनबन हो गई। इस पर पत्नी बबली ने पति को उसे अपनी बहन के घर मांडवा नवाघरा में छोड़ने के लिए कहा। इस पर पति उसे बहन के घर छोड़ने के लिए निकला। रास्ते में दोनों के बीच फिर से झगड़ा हो गया। गुस्से में आकर बक्सी ने बबली का सिर पत्थरों से कुचल दिया। इसके बाद पत्नी के शव को घर से 3 किमी दूर मांडवा खापरड़ा गांव के कुंडी वाले दर्रे में 50 फीट सूखे कुएं में फेंक दिया। इसके बाद पति अपने घर चला गया और किसी को घटना के बारे में नहीं बताया। तीन दिन बाद खुद पहुंचा थाने
तीन दिन तक वारदात का किसी को पता तक नहीं चला। आज शनिवार को पति बक्सी खुद सदर थाने पहुंच गया और पूरी घटना बताई। इस पर सदर थानाधिकारी सुबोध कुमार मय जाब्ता मौके पर पहुंच गए, लेकिन घटना स्थल कोतवाली थाना क्षेत्र का होने से कोतवाली पुलिस भी पहुंची। पीहर पक्ष के आने के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला और डूंगरपुर अस्पताल के मॉर्च्युरी में शिफ्ट करवाया। पुलिस ने आरोपी पति को डिटेन कर लिया है। कल रविवार को पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई होगी।


