भास्कर न्यूज|लोहरदगा जिलेभर में बीते एक पखवारे से मौसम में हो रहे उतार चढ़ाव से लोग बीमार हो रहे है। कभी बादल छाए रहने के साथ बारिश और सुबह शाम ठंड इसी बीच दोपहर में तेज धूप से अस्पतालों में रूटीन मरीजों की संख्या बढ़ गई है। मौसम के ठंड गर्म होने के साथ सर्दी, खांसी, बुखार व पेट दर्द के मरीज फिर से एक बार बढ़ गए है। बीते कुछ दिनों से सदर सहित अन्य निजी अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। प्रतिदिन 250 से 300 मरीज पहुंच रहे है। ऐसे तो सामान्य दिनों में 100 से 150 मरीज इलाज के लिए पहुंचते है। परंतु इन दिनों सदर अस्पताल सहित अन्य निजी अस्पताल में प्रतिदिन ऐसे सर्दी, खांसी व बुखार के मरीज अधिक संख्या में पहुंच रहे है। इसमें अधिकतर बच्चें व बुजुर्ग शामिल रह रहे है। इधर सदर अस्पताल के चिकित्सक डा राजेश कुमार ने कहा कि लोगों को बदल रहे मौसम को हल्के में नहीं लेना चाहिए। घरों के आसपास के क्षेत्रों को साफ रखना चाहिए। इसके अलावे दैनिक व जरूरी कार्यों पर बाहर निकलने पर खुले जगहों पर बिकने वाले खाद्य सामग्रियों के सेवन से बचना चाहिए। वहीं ठंडा गरम हो रहे मौसम के अनुरूप खुद के शरीर को भी रखना चाहिए। इसके अलावा बॉडी के तापमान की तुलना में अधिक चिल्ड शीतल पेय का उपयोग करने से अभी बचना चाहिए। अभी के दौर में खासकर गर्म पानी व गर्म खानों का सेवन करना ज्यादा लाभकारी होगा। बाहर निकलने पर तौलिए व कपड़े का उपयोग करना चाहिए। वहीं उन्होंने खासकर बच्चों पर विशेष ध्यान की बात कही है। इधर कृषि विभाग के अनुसार आगे 20 अप्रैल तक आसमान में हल्के फुल्के बादल छाए रहने के साथ बूंदाबांदी के आसार जताए गए है। शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री दर्ज किया गया है। आगे बताया गया कि मौसम साफ होने के साथ ही 21 अप्रैल के बाद से गर्मी बढ़ेगा। सदर अस्पताल में इलाज के लिए पहुंच रहे लोग।


