भाजयुमो ने कांग्रेस कार्यालय को घेरा राहुल और सोनिया का पुतला जलाया

भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर कोरिया जिला मुख्यालय में भाजयुमो ने कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया। राहुल गांधी और सोनिया गांधी का पुतला जलाया। भाजयुमो पदाधिकारियों ने कहा, कांग्रेस को विरोध का अधिकार है, लेकिन देश की जमीन और धन लूटने का नहीं। जांच एजेंसियों की कार्रवाई को बदले की कार्रवाई बताकर कांग्रेस देश को गुमराह कर रही है। नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी की कार्रवाई के बाद कांग्रेस ने देशभर में विरोध प्रदर्शन किया था। इसी के जवाब में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन का घेराव किया। 1937 में शुरू हुए नेशनल हेराल्ड अखबार के 5 हजार शेयरधारक थे। यह नेहरू परिवार की निजी संपत्ति नहीं थी। इसे कई स्वतंत्रता सेनानियों का समर्थन मिला था। 2008 में इसका प्रकाशन बंद हो गया। इसके बाद कांग्रेस ने अखबार को 90 करोड़ रुपए दिए। कांग्रेस एक राजनीतिक दल है। उसे कई छूट मिलती हैं, लेकिन वह पार्टी फंड किसी निजी संस्था को नहीं दे सकती। यह पूरी तरह अवैध है। आरोप है कि कांग्रेस ने गांधी परिवार के नियंत्रण में नेशनल हेराल्ड की संपत्ति लाने की साजिश रची। इसके लिए यंग इंडियन नाम की कंपनी बनाई गई। इसमें सोनिया गांधी और राहुल गांधी की 38-38% हिस्सेदारी थी। इस कंपनी को 9 करोड़ रुपए के इक्विटी शेयर दिए गए। इसके बाद नेशनल हेराल्ड की पूरी संपत्ति यंग इंडियन के पास चली गई। इसमें दिल्ली के बहादुर शाह जफर मार्ग की प्रमुख संपत्ति के साथ लखनऊ, मुंबई, भोपाल और पटना की हजारों करोड़ की संपत्तियां शामिल हैं। कार्यक्रम में भाजयुमो जिला अध्यक्ष हितेश सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष अनिल खटीक, सतेंद्र राजवाड़े, मनोज साहू, शारदा गुप्ता, उमाशंकर बंटी, कमलेश साहू, प्रखर गुप्ता, रमेश तिवारी, साक्षी सिंह राजपूत, सुजय जैन, रौशन रजवाड़े, गोलू सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *