भास्कर न्यूज | इटखोरी भीषण गर्मी में शहरजाम पंचायत के आधा दर्जन गांवों का चापानल पिछले एक माह से मरम्मत के अभाव में खराब पड़ा हुआ है। चापानल खराब रहने के कारण इन गांवों के ग्रामीणों के बीच पानी की किल्लत हो गई है।इनमें विष्णापुर प्रजापति मोहल्ला में लगा चापानल पिछले 15 दिनों से खराब पड़ा हुआ है। यहां के ग्रामीण दूर दराज के चापानलों से जार में पानी ढोकर अपनी प्यास बुझा रहे हैं। नहाने के लिए भी इन्हें पानी नसीब नहीं हो रहा है। इधर पथरिया देवी मंडप के पास लगा चापानल तथा इसी गांव के छठ तालाब के पास लगा चापानल भी काफी दिनों से खराब है। जिसके कारण देवी मंडप के पास श्रद्धालुओं को पूजा-पाठ के लिए दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है। वहीं छठ तालाब के पास का चापानल खराब रहने के कारण आसपास के ग्रामीणों के बीच पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। इसके अलावे असरिया नीचे टोला शिव मंदिर के पास लगा चापानल भी काफी दिनों से खराब है। इसी पंचायत के शहरजाम गांव में लगे कई जगहों पर का चापानल मरम्मत के अभाव में खराब है। गांव वालों ने बताया कि इसकी सूचना संबंधित विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों के पास दी गई है, मगर इस पर पहल नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने बताया कि अब पंचायत के मुखिया के पास इसकी शिकायत की जाएगी। इसके बाद इन गांवों के खराब चापानल की सूची बनाकर संबंधित विभाग के अधिकारियों को सुपुर्द किया जाएगा।


