कोरबा | जिन ग्राम पंचायतों में मिस्त्री की कमी से पीएम आवास नहीं बन पा रहे हैं, ऐसे क्षेत्रों में क्लस्टर पर राज मिस्त्री का प्रशिक्षण देंगे। इच्छुक प्रतिभागियों की सूची और कार्ययोजना का विवरण तैयार कर 7 दिनों में उपलब्ध कराएंगे। कलेक्टर अजीत वसंत ने अधिकारियों से जनप्रतिनिधियों के समन्वय से आवास निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने को कहा है। गुणवत्ता पर ध्यान नहीं देने और किसी तरह की लापरवाही बरतने पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर वसंत ने सामुदायिक भवन पाली में जनपद पंचायत पाली के सभी ग्राम पंचायतों के सरपंच, रोजगार सहायक, आवास मित्रों और अधिकारी-कर्मचारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने आवास निर्माण कार्य में प्रगति लाने अधिकारी-कर्मचारी और जनप्रतिनिधियों को समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जनपद क्षेत्र में कार्यरत आवास मित्रों के संबंध में जानकारी ली। संतोषजनक कार्य नहीं करने वाले आवास मित्रों को पद से अलग करने के निर्देश दिए। अगले 15 दिनों की पीएम आवास की प्रगति को आधार बनाने कहा है। आवास मित्र को लगभग समान संख्या में आवास आंबटित कर क्लस्टर का निर्माण कराएंगे। दो दिनों के भीतर सूची जारी होगी। आवंटित हितग्राहियों का गृह पोर्टल में मैपिंग पूरी कर आवास मित्र एप्लीकेशन से हितग्राहियों के आवास स्तर के फोटो अपलोड करेंगे।


