भास्कर न्यूज | महुआडांड़ प्रखंड के टुंडटोली, साले, पकरी पाठ, गोठगांव, दौना चीरो पाठ समेत सभी चर्चों में ईसाई समुदाय ने रविवार को ईस्टर (पास्का) का पावन पर्व पारंपरिक उत्साह और धार्मिक भावना के साथ मनाया। इस मौके पर माता चर्च संत जोसेफ सहित अन्य गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभा, बाइबल पाठ और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। संत जोसेफ चर्च में मुख्य अनुष्ठानकर्ता फादर पतरस तिर्की लकड़ा ने विशेष मिस्सा (पूजा) का नेतृत्व किया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि ईस्टर आस्था, विश्वास और नवजीवन का पर्व है। इस दिन प्रभु यीशु मसीह ने मृत्यु पर विजय प्राप्त कर मानवता को पाप और दुखों से मुक्ति का मार्ग दिखाया। उन्होंने लोगों से प्रेम, एकता और सेवाभाव को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। महुआडांड़ में ईस्टर पर कैंडल जलाते विश्वासी।


