राजस्थान के 4 जिलों में लू चली:14 शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार; कोटा में सबसे ज्यादा रहा तापमान

राजस्थान में एक बार फिर तेज गर्मी पड़ने लगी है। मंगलवार को जयपुर, कोटा, उदयपुर, नागौर, डूंगरपुर समेत कई शहरों में तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया। 14 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज हुआ। बाड़मेर, गंगानगर, चित्तौड़गढ़, कोटा में लू चली और गर्मी तेज रही। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगले चार-पांच दिन में राज्य के कई शहरों में तापमान 3 से लेकर 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इसे देखते हुए कई शहरों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को राज्य में मौसम साफ रहा। सबसे ज्यादा तापमान कोटा में 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जयपुर के तापमान में बढ़ोतरी हुई और दिन में तेज धूप रही। इन शहरों में कम रही गर्मी
अजमेर में दिन का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस, सीकर में 37.5, उदयपुर में 39.8, बारां में 39.5, सिरोही में 38.1, करौली, फतेहपुर में 39.7, पाली, हनुमानगढ़ में 38 और झुंझुनूं, नागौर में 38.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। तापमान कम रहने से इन शहरों में सामान्य दिनों के मुकाबले गर्मी थोड़ी कम रही। न्यूनतम तापमान गिरा, रात में कम हुई गर्मी
राज्य में सोमवार रात हवा चलने से अधिकांश शहरों के न्यूनतम तापमान में 1 से लेकर 3 डिग्री तक की गिरावट हुई। सीकर, बारां, फतेहपुर, करौली, पाली, जोधपुर, चूरू, नागौर, हनुमानगढ़, जालोर में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। सबसे ठंडी रात फतेहपुर में रही, जहां का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *