जिला परिषद में तीन मंजिला पन्नाधाय भवन का केंद्रीय मंत्री ने किया लोकार्पण

भास्कर संवाददाता | चित्तौड़गढ़ जिला परिषद द्वारा करीब 1 करोड रुपए से निर्मित पन्नाधाय भवन का शनिवार देर शाम केंद्रीय पर्यटन कला, संस्कृति मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत ने लोकार्पण किया। जिला परिषद भवन के ठीक पीछे इस तीन मंजिला भवन में कलेक्ट्रेट के सभी विभागों के कर्मचारियों के लिए कैंटीन के साथ पंचायतीराज का बरसों पुराना रिकार्ड रूम व 5 कमरों का गेस्ट हाउस भी बना है। मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री गजेंद्रसिंह ने कहा कि चित्तौड़ हमेशा उनके जहन में रहता है। मोदी सरकार सरदार पटेल, मीराबाई, अहिल्याबाई होल्कर की जयंती मना रही है। सांसद सीपी जोशी ने कहा कि जिला परिषद ने नवाचार किए हैं। विधायक चंद्रभानसिंह आक्या, सुरेश धाकड़, अर्जुनलाल जीनगर, भाजपा जिलाध्यक्ष मिठूलाल जाट ने भी विचार रखे। संचालन एसीईओ राकेश पुरोहित ने किया। गोवंश संरक्षण का संदेश देते हुए केंद्रीय मंत्री को चित्र भेंट किया। कलेक्टर आलोक रंजन, एसपी सुधीर जोशी, प्रधान देवेंद्रकंवर भी मौजूद रहे। स्वागत उदबोधन में जिला प्रमुख भूपेंद्रसिंह ने कहा कि चार साल पहले जिला प्रमुख सुरेश धाकड़ के साथ शुरू किए नवाचार जारी है। जिला परिषद ने जिले में 65 गोशाला का संचालन शुरू किया। अतिथियों ने शास्त्री पार्क में निर्मित चारदीवारी का लोकार्पण भी किया। इससे पूर्व ढोल नगाडों से स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, जिलेभर से आए लोग मौजूद रहे। कलेक्ट्रेट में जिला परिषद भवन के पीछे जिस जगह ये भवन बनाया गया है। वहां दो साल पहले तक जीर्ण शीर्ण हाल में पुराना भवन अनुपयोगी पड़ा था। तत्कालीन जिला प्रमुख सुरेश धाकड़ ने 2163 वर्ग फीट एरिये में पन्नाधाय भवन निर्माण का प्रोजेक्ट बनाया। गत साल शिलान्यास के बाद पूर्ण हो गया। जिला प्रमुख भूपेंद्रसिंह ने बताया कि भूतल पर बड़ी कैंटीन के लिए 1500 वर्ग फीट का हाल बनाया गया। किचन व काउंटर के अलावा सामान रखने व बैठने के लिए कक्ष, टायलेट ब्लाक्स भी बनाए गए। प्रथम मंजिल पर रिकार्ड रूम बनाया। जिसमें पंचायतीराज के 25 साल के रिकार्ड को व्यवस्थित रखा जा सकेगा। दूसरी मंजिल पर पांच कमरों का गेस्ट हाउस बनाया। ताकि दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले पंचायतीराज के जनप्रतिनिधि, अधिकारी देर शाम बाद गंतव्य पर नहीं जा पाने पर रात्रि विश्राम कर सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *