दोगुना मुनाफा वसूल रहे खुदरा दुकानदार अभी तक बंगाल से आलू सप्लाई बंद होने के नाम पर खुदरा दुकानदार आलू में जमकर मुनाफावसूली कर रहे हैं। खुदरा में नया आलू 35 से 40 रुपए किलो बेचा रहा है। वहीं पुराना आलू 25 से 30 रुपए बिक रहा है। प्याज खुदरा बाजारों में 40 से 50 रुपए किलो तक बेचे जा रहे हैं। वहीं, लहसुन 320 से 380 रुपए किलो तक बिक रहे हैं। रांची | आलू, प्याज और लहसुन के भाव में थोक बाजारों में भारी गिरावट है। पिछले सप्ताह भर में आलू 7 रुपए, प्याज 8 रुपए और लहसुन 30 रुपए किलो तक सस्ता हुआ है। शनिवार को पंडरा थोक मंडी में नया और पुराना आलू 20 से 22 रुपए किलो तक बिक गया। वहीं, बढ़िया प्याज 22 से 25 रुपए किलो बिका। लहसुन 200 से 240 रुपए किलो बेचा गया। अदरक 40 से 42 रुपए किलो बेचा गया। थोक कारोबारी मदन साहू ने बताया कि इस समय सभी उत्पादक मंडियों से प्याज की आवक हो रही है। एमपी व महाराष्ट्र, राजस्थान से प्याज आ रहा है। इस वर्ष प्याज का उत्पादन अच्छा हुआ है। वहीं, यूपी से आलू की पर्याप्त सप्लाई है। उन्होंने बताया कि रांची के इटकी, मांडर, ब्रांबे, पिठौरिया, गोला आदि ग्रामीण क्षेत्रों से भी आज 2000 क्विंटल नया आलू पंडरा बाजार में आया। इसके साथ 10 गाड़ी आलू यूपी से आया। पंडरा में प्याज की आवक 25 गाड़ी रही।


