बगोदर|दिव्यांग मानव सेवा केंद्र खटैया बगोदर के संस्थापक संतोष कुमार महतो का बुधवार दोपहर करीब 2 बजे निधन हो गया। गुरुवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। 45 वर्षीय संतोष पूरी तरह दिव्यांग थे। पिछले कुछ महीनों से अस्वस्थ चल रहे थे। वह न तो चल फिर सकते थे और न ही ठीक से बोल पाते थे। उन्होंने दिव्यांगों की मदद के लिए संस्था की शुरुआत की थी। 2007 में संस्था का पंजीकरण कराया गया। तब से यह संस्था इलाके में दिव्यांगों के लिए लगातार काम कर रही थी। संतोष को उनकी दिव्यांगता के कारण अब तक किसी सरकारी योजना से कोई आर्थिक मदद नहीं मिली थी। मगर पर्व-त्योहारों पर स्कूलों में अध्ययनरत दिव्यांग छात्र-छात्राओं के बीच कॉपी, किताबें और वस्त्र बांटते थे। फेसबुक मित्रों के आर्थिक सहयोग से संस्था का संचालन होता था। संतोष अपने पीछे पत्नी और पुत्र को छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिवार सदमे में है। कई शुभचिंतकों ने संतोष के निधन पर शोक जताया है।


