बगोदर| नेहरू चौक पर गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे गाड़ियों का काफिला जाम में फंस गया। िजससे कुछ देर तक सड़क पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। किसी ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंची और सड़क पर लगी साग-सब्जी की दुकानों को पीछे हटवाया । पुलिस ने सड़क पर लक्ष्मण रेखा खींच दी। नेहरू चौक पूरी तरह अतिक्रमण की चपेट में है। खासकर थाना गेट से नेहरू चौक होते हुए हजारीबाग रोड तक दुकानें लगने से हर दिन जाम की स्थिति बनती है। पुलिस के सामने ही यह सब होता है, लेकिन कार्रवाई नहीं होती। गुरुवार को जब वीआईपी काफिला जाम में फंसा और पुलिस को फोन किया गया, तब जाकर पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने सड़क किनारे रस्सी बांधकर तीन-चार जगहों पर “बगोदर पुलिस” लिखे बोर्ड लगाए। हालांकि, जो सीमांकन किया गया है, उसके पीछे भी अतिक्रमण ही है। सिर्फ नेहरू चौक ही नहीं, मंझलाडीह से बगोदरडीह तक, बगोदर बस पड़ाव और सरिया रोड भी अतिक्रमण की चपेट में हैं।


