भास्कर न्यूज | प्रतापपुर प्रतापपुर जनपद कार्यालय में सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों और शासन की योजनाओं की समीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने की। इस दौरान मंडल अध्यक्ष मुकेश तायल उपस्थित रहे। बैठक में शासन द्वारा संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, स्वास्थ्य, शिक्षा और समाज कल्याण जैसी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। विधायक ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए आवेदन प्रक्रिया को सरल और त्वरित बनाया जाए। उन्होंने बताया कि सुशासन तिहार के दौरान अब तक 18,000 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिन्हें छह श्रेणियों में बांटकर समयबद्ध निराकरण किया जाएगा। विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनकी अनुपस्थिति में मंडल अध्यक्ष के निर्देशों का पालन किया जाए। सभी अधिकारी प्रत्येक सप्ताह मंडल अध्यक्ष को योजनाओं की जानकारी और निराकृत आवेदनों की रिपोर्ट सौंपें। बैठक में राजस्व विभाग के पटवारी राजा लाल को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। ग्रामीणों और सरपंचों ने उनकी स्थायी नियुक्ति की मांग की थी। विधायक ने उनकी कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए सभी अधिकारियों को जनता से जुड़कर जमीनी स्तर पर कार्य करने का आह्वान किया।


