खाजूवाला और अनूपगढ़ से 100 किलोमीटर दूर पाकिस्तान के बहावलपुर में आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद के चार ट्रेनिंग सेंटर चिन्हित किए गए हैं। जहां बच्चों और युवाओं काे ट्रेनिंग दी जाती है। इसके बाद एडवांस ट्रेनिंग के लिए उन्हें पीओके भेजा जाता है। एक अधिकारी ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि बहावलपुर में पाक सेना का मुख्यालय और एयरबेस भी है। इससे करीब 10 किलोमीटर दूरी पर ही आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद ट्रेनिंग कैंप चला रहा है। ऐसे कैंप भावलनगर, यजमान मंडी सहित आस-पास के इलाके में भी हैं। यहां बच्चों और युवाओं का माइंडवॉश किया जाता है। फिर उन्हें कड़ी ट्रेनिंग के लिए पीओके में उन स्थानों पर भेजा जाता है, जहां जैश और लश्कर ए तैयबा के ट्रेनिंग कैंप चलते हैं। आर्मी, बीएसएफ, आईबी, रॉ सहित सभी खुफिया एजेंसियां इन पर नजर रखे हुए हैं। दूसरी ओर, जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले की घटना के बाद सभी भारतीय खुफिया एजेंसियों सहित सीमावर्ती जिलों में सेना और बीएसएफ हाई अलर्ट मोड पर हैं। बीएसएफ राजस्थान फ्रंटियर के आईजी एमएल गर्ग भी बॉर्डर के दौरे पर गुरुवार को जैसलमेर पहुंचे। उनका शुक्रवार-शनिवार को बीकानेर और श्रीगंगानगर आने का कार्यक्रम बन सकता है। राजस्थान से सटी पश्चिमी सीमा पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। बीएसएफ सामान्य शाखा सीमा पर से इनपुट कलेक्शन में जुटी है। सर्विलांस सिस्टम को एक्टिवेट कर दिया गया है। जैसलमेर सीमा के पास चोलिस्तान को डवलप कर रहा पाकिस्तान यह भी पता चला है कि पाकिस्तान पिछले कुछ सालों से जैसलमेर सीमा के पास चोलिस्तान को डवलप करने में लगा हुआ है। सेंट्रल पिकेट इरीगेशन सिस्टम विकसित कर उस क्षेत्र को हरा भरा किया जा रहा है। पाक सेना की आयुध फैक्ट्री भी इसी इलाके में होने के संकेत हैं। राजस्थान से लगे बॉर्डर से पाकिस्तान के बहावलपुर की दूरी 100 किमी, यजमान मंडी की 75 किमी, मुझगढ़ की 37 किमी, बीजनोठ की 23 किमी, रसूलसर की 22 किमी, खानपुर की 138 किमी और फोर्ट अब्बास की खाजूवाला से मात्र 15 किलोमीटर है। डीसी और आईजी ने की मेजर जनरल से मुलाकात
बीकानेर के संभागीय आयुक्त और आईजी ने गुरुवार को सेना की 24वीं रणबांकुरा डिवीजन के मेजर जनरल से मुलाकात की। संभागीय आयुक्त डॉ. रवि कुमार सुरपुर और आईजी ओम प्रकाश ने बुधवार को सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। गुरुवार को बीकानेर छावनी में जाकर 24वीं रणबांकुरा डिवीजन के मेजर जनरल एके पुंडीर से मिले। उन्होंने सेना की तैयारियाें और सीमा पार पाकिस्तान में चल रही गतिविधियों पर चर्चा की। उसके बाद श्रीकरणपुर चले गए। मालूम हो कि पहलगाम हमले के बाद से पाकिस्तानी एयरफोर्स की गतिविधियां राजस्थान से लगती सीमा के पार बढ़ गई हैं। सुरक्षा की लगातार समीक्षा की जा रही
“सीमा पर शांति है। सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। बीएसएफ हमेशा अलर्ट मोड पर ही रहती है। हम दुश्मन की हर हरकत का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।” -एमएल गर्ग, आईजी, बीएसएफ, राजस्थान फ्रंटियर


