बिजली निगम कर्मचारियों से धक्का-मुक्की करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार:राजस्व वसूली के दौरान की बदसलूकी, निगम संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप

बूंदी में बिजली बिल वसूली के दौरान सरकारी कर्मचारियों से दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। कापरेन थाना क्षेत्र के बोयाखेड़ा गांव में हुई इस घटना में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जेवीवीएनएल के सहायक अभियंता मेघराज नागर और तकनीशियन शिवशंकर राठौर बिल वसूली के लिए घर-घर जा रहे थे। जब वे उपभोक्ता हजारीलाल बैरवा के घर पहुंचे, तो वहां मौजूद धर्मराज और बाबूलाल बैरवा ने उनसे दुर्व्यवहार किया। आरोपियों ने न केवल गाली-गलौच की, बल्कि धक्का-मुक्की भी की। दोनों ने कर्मचारियों से राजस्व वसूली की सूची, मोबाइल और प्रिंटर छीनने का प्रयास भी किया। पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र प्रसाद मीणा के अनुसार, घटना 11 मार्च 2025 को दोपहर 12 बजे की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साधनों की मदद से जांच की। पुलिस ने बाबूलाल बैरवा (35) और धर्मराज बैरवा (30) को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर राजकार्य में बाधा डालने, सरकारी कर्मचारी से मारपीट और निगम संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप हैं। थाना कापरेन में धारा 121(1), 132 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *