राजस्थान में भजनलाल सरकार के गठन के बाद शिक्षा विभाग में काफी बदलाव किए गए हैं। अब तक पूर्व सरकार की योजनाओं के नाम बदलने के साथ ही उनका रिव्यू किया जा रहा है, इसी बीच शुक्रवार को शिक्षा संकुल में बने राजीव गांधी विद्या भवन का नाम बदलकर अहिल्याबाई होल्कर भवन कर दिया गया है। हालांकि अचानक हुए इस बदलाव पर शिक्षा विभाग का कोई भी अधिकारी कुछ भी कहने से बच रहा है। दरअसल, शिक्षा संकुल में बने राजीव गांधी विद्या भवन में विद्यार्थी सेवा केंद्र, विद्या समीक्षा केंद्र, केंद्रीय मूल्यांकन के साथ-साथ राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद का कार्यालय भी है। इसके साथ ही हरिदेव जोशी पत्रकारिता विश्वविद्यालय, विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय और बाबा आमटे दिव्यांग विश्वविद्यालय का काम भी यहीं से संचालित हो रहा है। ऐसे में अचानक नाम बदलने के बाद शुक्रवार को आम छात्र भी राजीव गांधी विद्या भवन की बिल्डिंग को ढूंढते हुए नजर आए। सरकार ने इन योजनाओं के बदले नाम चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना का नाम बदलकर आयुष्मान आरोग्य योजना किया। इंदिरा रसोई योजना का नाम बदलकर अन्नपूर्णा योजना कर दिया गया है। मुख्यमंत्री बाल गोपाल योजना का नाम बदलकर पन्नाधाय बाल गोपाल योजना किया गया। राजीव गांधी स्कॉलरशिप फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस योजना का नाम बदलकर स्वामी विवेकानंद स्कॉलरशिप फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस योजना कर दिया गया है। राजीव गांधी जल स्वावलंबन योजना का नाम बदलकर मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन योजना कर दिया गया है। मुख्यमंत्री वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना का नाम बदलकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय वरिष्ठ नागरिक तीर्थ योजना किया गया। इंदिरा शहरी रोजगार गारंटी योजना का नाम बदलकर मुख्यमंत्री शहरी रोजगार गारंटी योजना किया गया। आई एम शक्ति उड़ान योजना का नाम बदलकर कालीबाई भील उड़ान योजना किया गया। इसके साथ ही महिला और बाल अधिकारिता विभाग में चलने वाले 7 में से 3 योजनाओं के नाम बदले, जबकि 4 योजनाओं को मर्ज किया गया है।


