नामांकित फिल्मों की तीसरी सूची और स्क्रीनिंग शेड्यूल जारी:जयपुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का 17 जनवरी से होगा आगाज, 88 देशों की 271 फिल्मों को मिली जगह

सत्रहवें जयपुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (जिफ) के लिए नामांकित फिल्मों की तीसरी सूची जारी की गई। फेस्टिवल का आयोजन 17 से 21 जनवरी 2025 तक जयपुर में किया जाएगा। इस वर्ष 88 देशों से प्राप्त 2408 फिल्मों में से कुल 271 फिल्मों को नामांकित किया गया है। इनमें 71 देशों की 57 भाषाओं की 156 भारतीय और 115 विदेशी फिल्में शामिल हैं। पहली सूची में 170, दूसरी सूची में 42, और शनिवार को जारी तीसरी सूची में 59 फिल्मों को शामिल किया गया है। इन नामांकित फिल्मों में 100 से अधिक फीचर फिल्में शामिल हैं, जिनमें से कई का वर्ल्ड प्रीमियर और इंडियन प्रीमियर जिफ के दौरान होगा। फेस्टिवल के संस्थापक निदेशक हनु रोज ने बताया कि इस बार फीचर फिक्शन फिल्मों की संख्या सबसे अधिक है। कुल 75 फीचर फिक्शन फिल्मों के साथ 22 डॉक्यूमेंट्री फीचर फिल्में, 119 शॉर्ट फिल्में, और वेब सीरीज, एनीमेशन एवं मोबाइल फिल्मों को भी फेस्टिवल में शामिल किया गया है। फिल्मों का स्क्रीनिंग शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। फिल्मों की स्क्रीनिंग 18 जनवरी से सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक चलेगी। सभी 271 नामांकित फिल्मों का निर्माण लगभग 3500 करोड़ रुपए की लागत में हुआ है और इनकी कुल अवधि 208 घंटे है। फिल्में विभिन्न शैलियों और विषयों को प्रस्तुत करती हैं, जिनमें अपराध, ड्रामा, रहस्य, एक्शन, थ्रिलर, रोमांस, हॉरर, मनोवैज्ञानिक, विज्ञान-कथा, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, महिला सशक्तिकरण, LGBTQ+, नारीवाद, और प्रेरणादायक कहानियाँ शामिल हैं। साथ ही कला, संगीत, लोक संस्कृति, प्रवास, पर्यावरण, और राजनीतिक ड्रामा जैसे विषय भी प्रमुख हैं। इस वर्ष 6 देशों से कुल 33 स्क्रीनप्ले को नामांकित किया गया है, जिनमें भारत से 14 और विदेशों से 19 स्क्रीनप्ले शामिल हैं। फेस्टिवल का आयोजन राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर, आईनॉक्स जीटी सेंट्रल, जयपुर की पांच स्क्रीन, सिनेमा ऑन व्हील्स की दो स्क्रीन और राजस्थान प्रौढ़ शिक्षण समिति में किया जाएगा। जिफ के इस संस्करण में दर्शकों को सिनेमा की गहराई और विविधता का अनुभव मिलेगा। वर्ल्ड प्रीमियर और इंडियन प्रीमियर के साथ यह फेस्टिवल सिनेमा प्रेमियों के लिए एक खास मौका साबित होगा। फिल्म महोत्सव 17 जनवरी 2025 से जयपुर में शुरू होगा, जो सिनेमा के प्रति प्रेम और विचारों की अभिव्यक्ति का एक प्रमुख मंच बनेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *