जालोर में शनिवार को दिन भर तेज धूप के बाद शाम को मौसम में बदलाव होने के साथ ही आहोर में तेज हवा चली, कई क्षेत्र में हल्की बूंदाबादी के साथ ओलावृष्टि हुई। लेकिन कुछ देर में फिर मौसम साफ होने के साथ धूप खिली। जालोर-सांचौर में दिन का तापमान 40.3 व रात का तापमान 25.6 डिग्री दर्ज होने के साथ दिन भर कड़ाके की धूप खिली रही। जिससे दिन भर जालोर लू के थपेड़ों ने परेशान किया। लेकिन शाम करीब 4 बजे अचानक मौसम में बदलाव हुआ और करीब 35 किमी से आंधी चली। आहोर के देवजी, नौसरा, वेडिया, बोकड़ा, भाद्राजून सहित कई क्षेत्रों में करीब 15 मिनट तक हल्की से मध्यम बारिश हुई तथा देवजी गांव सहित कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हुई। जिससे मौसम सुहाना हो गया और आमजन को गर्मी व लू से राहत मिली। लेकिन करीब 5 बजे से फिर मौसम शुष्क हुआ और धूप खिली। रविवार को सुबह के समय हल्के बादल छाए रहे। 9 बजे बाद मौसम में बदलाव आने के साथ ही तेज गर्मी शुरू हुई। वही सुबह फिर से लू चलने लगी। जिससे आमजन को गर्मी व लू से बचने के लिए तरह-तरह के जतन करने पड़े। वही मौसम विशेषज्ञ भूपेन्द्र ने आगामी दिनों में गर्मी का प्रकोप बढ़ने के साथ दिन का तापमान 43 डिग्री तक पहुंचे सकता हैं। तथा लू चलने की भी संभावना है।


