भास्कर न्यूज | अमृतसर काउंटर इंटेलिजेंस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए थार गाड़ी सवार तस्कर अभिषेक कुमार को काबू किया। जिसके पास 2 ग्लॉक समेत 7 पिस्तौल बरामद हुईं। इसके अलावा 4 जिंदा कारतूस और डेढ़ लाख रुपए नकद भी मिले। जांच में सामने आया कि ऑस्ट्रेलिया में बैठे जस्सा ने पाकिस्तानी तस्करों के साथ मिलकर अवैध हथियार भेजने की साजिश रची थी। इसमें उसके स्थानीय साथी जोधबीर सिंह उर्फ जोधा और अभिषेक कुमार मदद कर रहे थे। हालांकि दूसरा आरोपी अभी फरार चल रहा है। एसआई जगजीत सिंह ने बताया कि 26 अप्रैल को अमृतसर-पठानकोट बाईपास जीटी रोड पर कार्रवाई की। फतेहगढ़ शुक्रचक्क गांव के पास से अभिषेक कुमार को थार गाड़ी समेत गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला कि अभिषेक कुमार और जोधबीर सिंह हवाला लेन-देन में भी शामिल हैं। एसएसओसी थाने में केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं।


