महेशमारा हॉल्ट की आधारशिला रखी , लोगों की पुरानी मांग पूरी

भास्कर न्यूज | जामताड़ा रेल संपर्क को मजबूत करने और यात्री सुविधाएं बढ़ाने के लिए देवघर और मोहनपुर स्टेशनों के बीच प्रस्तावित महेशमारा हॉल्ट स्टेशन की आधारशिला रविवार को रखी गई। कार्यक्रम में गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के सांसद निशिकांत दुबे मौजूद रहे। उनके साथ आसनसोल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक चेतना नंद सिंह और वरिष्ठ रेलवे अधिकारी भी शामिल हुए। सांसद ने अधिकारियों की उपस्थिति में आधारशिला पट्ट का अनावरण किया। महेशमारा हॉल्ट का निर्माण ₹1.86 करोड़ की लागत से होगा। हॉल्ट चालू होने के बाद दुमका और गोड्डा की ओर जाने वाली सभी ट्रेनें यहां रुकेंगी। इससे महेशमारा के साथ बैजनाथपुर, बांधा, कुंडा, करनीबाद, बिलासी और झौंसागढ़ी के लोगों को सीधी रेल सुविधा मिलेगी। ठाढ़ी, आमगाछी, विशनपुर, बांदा और सिंगारडीह जैसे गांव भी लाभान्वित होंगे। हॉल्ट बनने से स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी। मौजूदा रेलवे लेवल क्रॉसिंग से होने वाली परेशानियां भी कम होंगी। महेशमारा हॉल्ट से रेलवे नेटवर्क तक सीधी पहुँच मिलेगी। दूर के स्टेशनों पर निर्भरता घटेगी। हजारों लोगों के लिए रोजाना यात्रा आसान होगी। हॉल्ट का रणनीतिक स्थान लोगों और सामानों के सुगम परिवहन में मदद करेगा। इससे आसपास के क्षेत्रों में सामाजिक और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। यह परियोजना पूर्व रेलवे की क्षेत्रीय संपर्क बढ़ाने और यात्री सुविधाएं मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। आधारशिला कार्यक्रम में स्थानीय निवासियों, जन प्रतिनिधियों और रेलवे अधिकारियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *