भास्कर न्यूज | अमृतसर अमृतसर के इस्लामाबाद के बारह मकान इलाके में जन्मे और पले-बढ़े जेनेटिक्स और प्लांट ब्रीडर डॉ. सुरिंदर कुमार वासल को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को पद्मश्री से नवाजा। यह सम्मान उन्हें कृषि के क्षेत्र में 35 साल से ज्यादा समय तक किए गए बेहतरीन काम और नई पौध किस्मों के विकास के लिए दिया गया। वासल को खासतौर पर ‘चमत्कारी मक्का’ की किस्म विकसित करने के लिए जाना जाता है, जिसने कुपोषण को कम करने में अहम भूमिका निभाई है। पद्मश्री सम्मान मिलने के बाद डॉ वासल ने कहा कि यह सम्मान अमृतसर और पंजाब के हर किसान के नाम है। बारह मकान एरिया में रहते डॉ. वासल के भतीजे संदीप वासल ने बताया कि डॉ. सुरिंदर का जन्म 12 अप्रैल 1938 को अमृतसर के इस्लामाबाद फाटक के पास उनके पुश्तैनी घर में हुआ। उनका पूरा बचपन अमृतसर में ही बीता। उन्होंने 1957 में खालसा कॉलेज से बीएससी की और फिर कानपुर कृषि कॉलेज से एमएससी किया। इसके बाद 1966 में दिल्ली के आईएआरआई से पीएचडी की डिग्री हासिल की। 1967 में डॉ. वासल रॉकफेलर फाउंडेशन थाईलैंड में रिसर्च एसोसिएट बने। 1970 में सिम्मिट मैक्सिको से पोस्ट डॉक्टोरल फेलोशिप की। यहीं से उन्होंने मक्की की बेहतरीन किस्मों पर काम करना शुरू किया। डॉ. वासल ने बायोकैमिस्ट डॉ इवेंजेलिना विलेगास के साथ मिलकर 35 वर्षों तक कृषि क्षेत्र में योगदान दिया। उनके द्वारा विकसित प्रोटीन से भरपूर मक्की की किस्म को ही ‘चमत्कारी मक्का’ कहा गया, जिसने किसानों और समाज दोनों को नई उम्मीद दी। डॉ. वासल को इससे पहले कई अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं। इनमें प्रेमियो सेसर गरजा 1993, इंटरनेशनल सर्विस इन क्रॉप साइंस अवार्ड 1996 , इंटरनेशनल एग्रोनॉमी अवार्ड 1999 , विश्व खाद्य पुरस्कार 2000 और डॉ. एमएस स्वामीनाथन पुरस्कार शामिल हैं। वह अमेरिकन सोसाइटी ऑफ एग्रोनॉमी और क्रॉप साइंस सोसाइटी ऑफ अमेरिका के फेलो भी हैं। वर्तमान में डॉ. सुरिंदर गुरुग्राम में रहते हैं और दिल्ली यूनिवर्सिटी, पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी और हैदराबाद यूनिवर्सिटी में ऑनरेरी प्रोफेसर के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। उनकी शादी भी अमृतसर में ही हुई थी। उनके दोनों बेटे सुमंत और सधीर अमेरिका के डैलेस शहर में रहते हैं और बेटी सुकृति ऑस्ट्रेलिया के कैनबरा में सेटल हैं। डॉ. वासल के परिवार के कई सदस्य आज भी अमृतसर में रहकर शहर की तरक्की के लिए काम कर रहे हैं। डॉ. सुरिंदर वासल के भतीजे संदीप वासल।


